बोले बुलंदशहर : अंबा कॉलोनी के लोगों को चाहिए जर्जर सड़क और गंदगी से मुक्ति
Bulandsehar News - अंबा कॉलोनी में टूटी हुई सड़कें और गंदगी के ढेर हैं, जिससे बाशिंदों को मच्छरों के प्रकोप और बीमारियों का खतरा है। नगर पालिका से कई बार सफाई और सड़क निर्माण की मांग की गई है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं...
शहर की पुरानी कॉलोनियों में शामिल अंबा कॉलोनी की मुख्य परेशानी टूटी हुई सड़क है। इसके अलावा गंदगी के ढेर की वजह से यहां पर मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिस कारण यहां के बाशिंदों को बीमारी का खतरा बना रहता है। यहां के लोगों का कहना है कि नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार सड़क बनवाने और फॉगिंग की मांग की, लेकिन उसके बाद भी कुछ नहीं हुआ। अब कॉलोनी के लोगों ने अपनी आवाज को बुलंद करते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की है। बुलंदशहर जिले में अंबा कॉलोनी में करीब तीन हजार की आबादी निवास करती है।
इसके अलावा इस कॉलोनी के बाहर निकलते ही बाजार के बाहर ही सड़क के दोनों तरफ बाजार भी स्थित है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि बाजार में हर समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है। लोगों की शिकायत है कि कॉलोनी को स्थापित हुए करीब 30 वर्ष बीत चुके हैं। वर्तमान में यह कॉलोनी नगर पालिका के वार्ड-24 के तहत आती है। इतनी पुरानी कॉलोनी होने के नाते जिस प्रकार की सुविधाएं यहां पर होनी चाहिए, वैसे सुविधा अभी तक लोगों को नहीं मिल सकी है। इस वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस कॉलोनी में सड़क नहीं बनने से काफी दिक्कत हो रही है। बरसात के दिनों में इस गली में जलभराव हो जाता है। जबकि पानी सूखने पर पूरे रास्ते में कीचड़ ही कीचड़ जमा रहती है। ऐसे में दो पहिया वाहन चालक अक्सर कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार समस्या के समाधान की मांग की गई है। उसके बाद भी समस्या में कोई सुधार नहीं हो सका है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस कॉलोनी की सड़क को बनाने का काम करना चाहिए। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कॉलोनी के बाहर कई बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान के साथ-साथ सड़क किनारे बाजार भी स्थित है। ऐसे में बाजार के बाहर गंदगी की वजह से परेशानी उठानी पड़ती है। कम से कम नगर पालिका के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था पर तो ध्यान ही देना चाहिए। इससे लोगों को काफी फायदा होगा। क्योंकि शहर को साफ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी नगर पालिका के साथ-साथ आम नागरिकों की भी है। गंदगी की वजह से कॉलोनी में मच्छरों का काफी प्रकोप है। इस समय चल रही प्रचंड गर्मी के कारण लोग रात भर चैन की नींद तक नहीं सो पाते हैं। क्योंकि मच्छर कानों पर भिनभिनाते रहते हैं। गर्मी के दिनों में यहां पर लोग बीमार रहते हैं। स्थिति बरसात के दिनों में और खराब हो जाती है। नगर पालिका के अधिकारियों को कम से कम मच्छरों से बचाव के लिए फोगिंग तो करानी ही चाहिए। ताकि लोगों को मच्छर जनित बीमारियों से निजात मिल सके। जगह-जगह बनने चाहिए ब्रेकर कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कॉलोनी में हर वक्त दो पहिया और चार पहिया वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। ऐसे में घरों के बाहर बच्चे भी खेलते रहते हैं। कॉलोनी में कम से कम ऐसे स्थानों पर ब्रेकर लगने चाहिए, जहां पर तीव्र मोड़ हैं। नगर पालिका और जनप्रतिनिधियों से कई बार इस संबंध में गुहार लगाई जा चुकी है। उसके बाद भी नगर पालिका के अधिकारी इस समस्या की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। जिससे कभी भी कॉलोनी में बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता। इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बन जाएंगे तो वाहन चालकों की रफ्तार नियंत्रित रहेगी और हादसों पर भी लगाम लग सकेगी। कम से कम मंदिर की दीवार ही बनवा दो कॉलोनी के लोगों ने बताया कि यहां पर एक मंदिर बना हुआ है। जिसमें सुबह और शाम के समय काफी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना करने के लिए आते हैं। लेकिन पिछले काफी समय से मंदिर की दीवार क्षतिग्रस्त हो चुकी है। जिसे ठीक कराने के लिए कई बार नगर पालिका के अधिकारियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों से पत्राचार किया जा चुका है। इसके अलावा चुनाव के दौरान जनप्रतिनिधियों से भी दीवार को लगवाने की गुहार लगाई गई। लेकिन अभी तक मंदिर की दीवार ठीक नहीं हो सकी है। जिस कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। शाम के समय मंदिर के आसपास असमाजिक तत्वों का भी जमावड़ा लगा रहता है। जिससे मोहल्ले की सुरक्षा व्यवस्था में कभी भी सेंध लग सकती है। नाली से निकलने वाले पानी की नहीं है निकासी का प्रबंध कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कॉलोनी में कुछ गलियों में पानी की निकासी का भी उचित प्रबंध नहीं है। ऐसे में बरसात के दिनों में गलियों में पानी जमा रहता है। आने वाला समय बरसात का है। ऐसे में नगर पालिका को इस सीजन से पहले लोगों की समस्या का समाधान करना चाहिए। ताकि बरसात के दिनों में लोगों को परेशानी ना उठानी पड़े। कॉलोनी में अभी भी कई मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में यहां पर होने वाले पानी के काम की वजह से भी घरों के बाहर कीचड़ जमा हो जाती है। जिससे लोग अक्सर अपने वाहनों से गिरकर चोटिल तक हो जाते हैं। कम से कम नाली का निर्माण कार्य होने की वजह से यहां के बाशिंदों को इस समस्या से तो निजात मिल ही जाएगी। गंदगी के ढेरों से कब मिलेगी मुक्ति यूं तो नगर पालिका पूरे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का काम कर रही है। लेकिन अंबा कॉलोनी में जगह-जगह पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इन गंदगी में मच्छर पनप रहे हैं। मच्छरों के कारण घरों में बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि नगर पालिका के कर्मचारी कई-कई दिनों में कॉलोनी में सफाई करने के लिए आते हैं। सड़क किनारे जा रही नालियों में जगह-जगह पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे उठती बदबू के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार नालियों की सफाई कराने के साथ-साथ गंदगी के ढेरों को उठाने के संबंध में शिकायती पत्र लिखा गया। उसके बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का लोगों ने जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की है। बंदरों के साथ-साथ निराश्रित पशुओं की भी कॉलोनी में भरमार अंबा कॉलोनी के लोगों ने बताया कि पूरे शहर की भांति कॉलोनी में भी बंदरों और कुत्तों के साथ-साथ निराश्रित गोवंशों की भरमार है। गोवंश कहीं पर भी गोबर कर देते हैं। जिस वजह से पूरी कॉलोनी में गंदगी जमा रहती है। इसके अलावा बंदरों का इस कदर प्रकोप है कि महिलाएं घरों की छतों पर कपड़ों को सुखाने के लिए नहीं जाती है। कुत्ते घरों के बाहर से निकलने वाले वाहन सवारों के पीछे दौड़ लगाते हैं। जिससे कभी भी हादसा होने का खतरा बना रहता है। घरों में रहने वाले बड़े-बुजुर्ग पर भी कुत्तें और बंदर कभी भी हमला कर उन्हें चोटिल कर देते हैं। लोगों का दर्द जानिए अंबा कॉलोनी में सड़क नहीं बनने से लोगों को काफी परेशानी होती है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस समस्या की तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है। ताकि लोगों को समस्या से निजात मिले। -योगराज शर्मा पूरे दिन कॉलोनी में लगी स्ट्रीट लाइट जलती रहती है। इन लाइटों को बंद करने के लिए विद्युत पोल पर लगे स्विच खराब हो चुके हैं। इससे अनावश्यक ही बिजली की फिजूलखर्ची हो रही है। -नरेंद्र सिंह पुंडीर जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान नगर पालिका के अधिकारियों को करना चाहिए। -राजपाल शर्मा पानी की निकासी का प्रबंध नहीं होने से काफी परेशानी हो रही है। नगर पालिका के अधिकारियों को कम से कम नालियों का तो निर्माण कार्य करना ही चाहिए। इससे दिक्कत दूर होगी। -भरत सिंह शिशौदिया जगह-जगह गंदगी के ढेर लगने के कारण कॉलोनी में मच्छरों का प्रकोप दिन-प्रतिदिन बढ़ रहा है। जिससे बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है। नगर पालिका को इस पर अंकुश लगाना चाहिए। -प्रेमपाल सिंह कॉलोनी में बने मंदिर की दीवार क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसे ठीक कराने के लिए संबंधित अधिकारियों से कई बार पत्राचार किया गया। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी है। -वीरेंद्र तिवारी मोहल्ले की कई गलियों की सड़कों की हालत पूरी तरह से जर्जर हो चुकी है। जनप्रतिनिधि वोट मांगने के दौरान विकास का दावा करते हैं, लेकिन धरातल पर कोई काम नहीं हो रहा। -नित्यानंद शर्मा सड़क किनारे जा रही नालियों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। आने वाले दिन बरसात के है। ऐसे में यदि नालियों की सफाई नहीं की गई तो लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। -दीपचंद कॉलोनी में कई प्रकार की दिक्कत हैं। इन दिक्कतों को दूर करने का काम नगर पालिका के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों का है। इनका जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए। -रामसरन सिंह तोमर जगह जगह से नालियां टूटी हुई है। इसमें गंदगी भी जमा रहती है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस समस्या का समाधान करना चाहिए। -नरेश कुमार खाली पड़े प्लाटों में लोग कूड़ा-करकट फेंक देते हैं। यदि नगर पालिका के सफाई कर्मचारी नियमित रूप से सफाई करने के लिए आएंगे तो इससे निजात मिल सकती है। -वीरेंद्र कुमार शर्मा ----------- सुझाव: 1.कॉलोनी में सड़क बनाने से लोगों को मिल जाएगी निजात। 2.जलभराव की समस्या से निजात मिलने से मिलनी चाहिए राहत। 3.मच्छरों का प्रकोप रोकने के लिए नियमित रूप से हो फोगिंग। 4.जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को तत्काल कराया जाए साफ। 5.बंदरों, कुत्तों और गोवंशों की समस्या को तत्काल किया जाए दूर। शिकायत: 1.अंबा कॉलोनी की सड़क जर्जर है। इसे ठीक कराने की दिशा में हो काम। 2.बरसात के दिनों में कॉलोनी में होने वाले जलभराव से मिले निजात। 3.मच्छरों के प्रकोप से फैलने वाली बीमारी को रोकने का होना चाहिए इंतजाम। 4.जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को कब तक कराया जाएगा साफ। 5.बंदरों, कुत्तों और गोवंशों को पकड़ने के लिए चलाया जाए अभियान। --------- कोट: अंबा कॉलोनी में जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य कराया जाएगा। कॉलोनी के लोगों की जो अन्य समस्याएं हैं, उन्हें भी नगर पालिका दूर करने का काम करेगी। लोगों को परेशान नहीं होने दिया जाएगा। -दीप्ति मित्तल, अध्यक्ष, नगर पालिका बुलंदशहर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।