बोले बुलंदशहर : मानसरोवर कॉलोनी में सड़क न नाली
Bulandsehar News - मानसरोवर कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में परेशान हैं। यहाँ सड़कें, पानी की निकासी और स्ट्रीट लाइटों की कमी है। स्थानीय प्रशासन की अनदेखी से लोग समस्याओं का सामना कर रहे हैं। कॉलोनी में...
मानसरोवर कॉलोनी को शहर की पॉश कॉलोनी का दर्ज तो दे दिया गया, लेकिन यहां के बाशिंदे मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। यहां चलने लिए सड़क नहीं, पानी की निकासी के लिए ढंग की नाली तक नहीं है। इसके अलावा पथ प्रकाश के लिए लगाई गईं स्ट्रीट लाइटें भी खराब रहती हैं। जगह-जगह बनाई गई पुलिया भी टूटी पड़ी है। गंदगी के ढेर पॉश कॉलोनी को चिढ़ाते नजर आते हैं। दो हजार परिवार होने के बाद भी नगर पालिका की ओर से कोई सुविधा नहीं प्रदान की गई। स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत करने के बावजूद स्थानीय प्रशासन इस ओर ध्यान देने को तैयार नहीं है।
शहर के मानसरोवर कॉलोनी में करीब दो हजार परिवार निवास करते हैं। कॉलोनी के बाहर बाजार भी है। जहां लोगों की आवाजाही बनी रहती है। स्थानीय लोगों की शिकायत है कि मानसरोवर कॉलोनी को पॉश कॉलोनी का दर्जा प्राप्त है, तो सुविधाएं क्यों नहीं। पॉश कॉलोनी के लोगों को जिस प्रकार की सुविधा मिलनी चाहिए। उस प्रकार की सुविधा लोगों को नहीं मिल पा रही है। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पॉश कॉलोनी में सड़क नहीं बनने से काफी दिक्कत हो रही है। बरसात के दिनों में इस गली में जलभराव हो जाता है। जबकि पानी सूखने पर पूरे रास्ते में कीचड़ ही कीचड़ जमा रहती है। ऐसे में दो पहिया वाहन चालक अक्सर कीचड़ में फिसलकर चोटिल हो जाते हैं। नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार समस्या के समाधान की मांग की गई है। उसके बाद भी समस्या में कोई सुधार नहीं हो सका है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस कॉलोनी की सड़क को बनाने का काम करना चाहिए। मानसरोवर कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कॉलोनी के बाहर कई बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान के साथ-साथ पॉश कॉलोनी और सड़क किनारे बाजार भी स्थित है। ऐसे में बाजार के बाहर गंदगी की वजह से परेशानी उठानी पड़ती है। कम से कम नगर पालिका के अधिकारियों को सफाई व्यवस्था पर तो ध्यान ही देना चाहिए। इससे लोगों को काफी फायदा होगा। क्योंकि शहर को साफ और सुंदर बनाने की जिम्मेदारी नगर पालिका के साथ-साथ आम नागरिकों की भी है। जगह-जगह बनने चाहिए ब्रेकर मान सरोवर कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कॉलोनी के बाहर सबसे व्यस्त खुर्जा रोड है। इस मार्ग पर भारी और हल्के वाहन तेज रफ्तार से निकलते हैं। जब से खुर्जा रोड पर फ्लाईओवर बना है, तब से ट्रैफिक बढ़ने लगा है। भारी वाहनों से लेकर हल्के वाहन तक इस मार्ग पर निकलते हैं। पहले जब फ्लाईओवर नहीं था तो इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बने हुए थे। इन स्पीड ब्रेकर को अब खत्म कर दिया गया है। जिस वजह से वाहन पूरी रफ्तार के साथ निकलते हैं। यदि इस मार्ग पर स्पीड ब्रेकर बन जाएंगे तो वाहन चालकों की रफ्तार नियंत्रित रहेगी और हादसों पर भी लगाम लग सकेगी। ------ मानसरोवर कॉलोनी की पुलिया को ठीक कराकर दी जाए राहत मान सरोवर कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कॉलोनी में जगह-जगह प्रवेश करने के लिए पुलिया बनी हुई है। इन पुलियाओं की हालत वर्तमान में जर्जर हो चुकी है। इस वजह से अक्सर हादसे होते रहते हैं। इन हादसों को रोकने के लिए पुलियाओं की मरम्मत होना अति आवश्यक है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस तरफ भी ध्यान देने की जरूरत है। ताकि लोग हादसों का शिकार ना हो। सड़क बनाने और पुलिया को ठीक कराने के लिए नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार पत्राचार किया जा चुका है। इसके अलावा जनप्रतिनिधियों से भी सड़क और पुलिया के संबंध में शिकायत की गई। उसके बाद अभी तक भी समस्या का समाधान नहीं हो सका है। ऐसे में मान सरोवर कॉलोनी में रहने वाले हजारों लोगों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। -------- नाली से निकलने वाले पानी की निकासी का नहीं प्रबंध मानसरोवर कॉलोनी के लोगों ने बताया कि कॉलोनी में कुछ गलियों में पानी की निकासी का भी उचित प्रबंध नहीं है। ऐसे में बरसात के दिनों में गलियों में पानी जमा रहता है। आने वाला समय बरसात का है। ऐसे में नगर पालिका को इस सीजन से पहले लोगों की समस्या का समाधान करना चाहिए। ताकि बरसात के दिनों में लोगों को परेशानी ना उठानी पड़े। कॉलोनी में अभी भी कई मकानों का निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में यहां पर होने वाले पानी के काम की वजह से भी घरों के बाहर कीचड़ जमा हो जाती है। जिससे लोग अक्सर अपने वाहनों से गिरकर चोटिल तक हो जाते हैं। कम से कम नाली का निर्माण कार्य होने की वजह से यहां के बाशिंदों को इस समस्या से तो निजात मिल ही जाएगी। -------- गंदगी के ढेरों से कब मिलेगी बाशिंदों को मुक्ति यूं तो नगर पालिका पूरे शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का काम कर रही है। लेकिन मानसरोवर कॉलोनी के बाहर निकलते ही जगह-जगह लगे गंदगी के ढेर लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। यहां के लोगों ने बताया कि सड़क किनारे जा रही नालियों में जगह-जगह पर गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। इससे उठती बदबू के कारण लोगों का पैदल चलना मुश्किल हो जाता है। नगर पालिका के अधिकारियों से कई बार नालियों की सफाई कराने के साथ-साथ गंदगी के ढेरों को उठाने के संबंध में शिकायती पत्र लिखा गया। उसके बाद भी अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जिस वजह से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या का लोगों ने जल्द से जल्द समाधान कराने की मांग की है। ------- लोगों का दर्द जानिए मान सरोवर कॉलोनी में सड़क नहीं बनने से लोगों को काफी परेशानी होती है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस समस्या की तरफ ध्यान देने की आवश्यकता है। ताकि लोगों को समस्या से निजात मिले। -हेमंत सिंह पूरे दिन कॉलोनी में लगी स्ट्रीट लाइट जलती रहती है। इन लाइटों को बंद करने के लिए विद्युत पोल पर लगे स्विच खराब हो चुके हैं। इससे अनावश्यक ही बिजली की फिजूलखर्ची हो रही है। -बलवीर सिंह जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे रहने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या का समाधान नगर पालिका के अधिकारियों को करना चाहिए। -हिमांशु पानी की निकासी का प्रबंध नहीं होने से काफी परेशानी हो रही है। नगर पालिका के अधिकारियों को कम से कम नालियों का तो निर्माण कार्य करना ही चाहिए। इससे दिक्कत दूर होगी। -अजय चौधरी कॉलोनी के बाहर आए दिन हादसे होते रहते हैं। इसके पीछे वजह है कि सड़क पर वाहन तेज रफ्तार से निकलते हैं। इन वाहनों की गति पर अंकुश लगाने के लिए रंबल स्ट्रीप बनने चाहिए। -ठाकुर हरेंद्र प्रताप सिंह कॉलोनी में नालियों को ढकने के लिए बनाई गई पुलिया जगह-जगह टूटी पड़ी है। ऐसे में इनसे निकलने वाले दो पहिया वाहन चालकों को काफी परेशानी होती है। इस समस्या का समाधान होना चाहिए। -गिरिराज सिंह मोहल्ले की कई गलियों में सड़क नहीं बन सकी है। ऐसे में बरसात के दिनों में यहां पर जलभराव की दिक्कतों से लोगों को जूझना पड़ता है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस तरफ ध्यान देना चाहिए। -लीला सिंह सड़क किनारे जा रही नालियों में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। आने वाले दिन बरसात के है। ऐसे में यदि नालियों की सफाई नहीं की गई तो लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। -अनिल डागर कॉलोनी में कई प्रकार की दिक्कत हैं। इन दिक्कतों को दूर करने का काम नगर पालिका के साथ-साथ जिला प्रशासन के अधिकारियों का है। इनका जल्द से जल्द समाधान होना चाहिए। -लकी चौधरी जगह जगह से नालियां टूटी हुई है। इसमें गंदगी भी जमा रहती है। नगर पालिका के अधिकारियों को इस समस्या का समाधान करना चाहिए। -मधु ----------- सुझाव: 1.कॉलोनी में सड़क बनाने से लोगों को मिल जाएगी निजात। 2.जलभराव की समस्या से निजात मिलने से मिलनी चाहिए राहत। 3.कॉलोनी के बाहर हादसों को रोकने के लिए बनने चाहिए रंबल स्ट्रीप। 4.जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को तत्काल कराया जाए साफ। 5.दिनभर जलने वाली स्ट्रीट लाइट को बंद करने के लिए लगाए जाए स्विच। शिकायत: 1.मान सरोवर कॉलोनी की सड़क नहीं बनने से हजारों लोगों को दिक्कत। 2.बरसात के दिनों में होने वाले जलभराव से लोगों का हो जाता है हाल-बेहाल। 3.कॉलोनी के बाहर हादसों को रोकने के लिए बनने चाहिए स्पीड ब्रेकर। 4.जगह-जगह लगे गंदगी के ढेरों को कब तक कराया जाएगा साफ। 5.दिनभर जलने वाली स्ट्रीट लाइटों को बंद करने के लिए हो उचित व्यवस्था। --------- कोट: मानसरोवर कॉलोनी के लोगों की समस्या का जल्द से जल्द समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। जल्द ही कॉलोनी में नगर पालिका की टीम को भेजकर निरीक्षण कराया जाएगा। उसके बाद प्रयास किया जाएगा कि जो समस्या शीघ्र निस्तारित होने वाली है, उनका समाधान हो। -दीप्ति मित्तल, अध्यक्ष, नगर पालिका बुलंदशहर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।