अयोध्या में राम दरबार भी आम लोगों के लिए खुला, दर्शन के लिए पहले करना होगा यह काम
अयोध्या के राम मंदिर में पांच जून को स्थापित हुए राम दरबार का भी दर्शन शुक्रवार से शुरू कर दिया गया। अचानक हुए इस फैसले से श्रद्धालु गदगद नजर आए। हालांकि दर्शन के लिए पास लेना होगा। इसके लिए तय फार्मेट को भरना भी होगा।

अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दर्शन के साथ राम दरबार का दर्शन भी शुक्रवार से अचानक शुरू हो गया। इसकी जानकारी मिलते ही श्रद्धालु गदगद नजर आए। शुक्रवार को अचानक तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपत राय ने पुलिस अधीक्षक सुरक्षा बलरामाचारी दुबे के साथ बैठक के बाद दर्शन शुरू करने के निर्णय पर अपनी मुहर लगा दी। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के प्रमुख न्यासी डा. अनिल मिश्र ने फोन पर हुई बातचीत में स्वीकार किया कि निर्णय शाम को होने के कारण दो अलग-अलग स्लाट सायं 5 से 7 व 7 से 9 बजे के लिए कुछ पास दर्शन के लिए उपलब्ध कराए गये हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि अभी तक जिस तरह से रामलला के दर्शन करके लिए सुगम दर्शन पास एवं विशिष्ट दर्शन पास जारी होते थे, उसी तरह से रामलला के साथ-साथ राम दरबार के दर्शन पास भी जारी किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को पास के लिए अपने आवेदन (ट्रस्ट के निर्धारित फार्मेट) में रामलला के साथ राम दरबार के दर्शन का जिक्र करना होगा।
हालांकि इसकी भूमिका सात जून को तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्टीज की बैठक में भी बन गई थी। इसी आधार पर भवन-निर्माण समिति चेयरमैन नृपेन्द्र मिश्र ने दस दिनों में दर्शन सुलभ हो जाने की संभावना जताई थी। फिर भी तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपत राय ने उनके वक्तव्य का खंडन करते हुए 40 सीढ़ी ऊपर चढ़ने से सम्बन्धित विविध समस्याओं का ज़िक्र करते स्पष्ट कर दिया था कि अभी यह संभव नहीं है।
विशिष्ट दर्शन के दो सौ व सुगम दर्शन में एक सौ पास की व्यवस्था:
तीर्थ क्षेत्र के न्यासी डा अनिल मिश्र ने बताया कि रामलला के दर्शन की ही तरह राम दरबार के दर्शन के लिए भी पहले से सुनिश्चित दो-दो घंटे के स्लाट यथा सुबह सात से नौ बजे, नौ से 11 बजे, अपराह्न एक से तीन बजे, तीन से पांच बजे, सायंकाल पांच से सात बजे व सात से नौ बजे के स्लाट में तीन-तीन सौ पास जारी होंगे। जिला प्रशासन व श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के कोटे में डेढ़ सौ-डेढ़ सौ पास आवंटित किए गये। इस डेढ़-डेढ़ सौ पास में एक-एक सौ पास विशिष्ट दर्शन से सम्बन्धित है जबकि 50-50 सुगम दर्शन का पास है। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक सुरक्षा बलरामाचारी दुबे ने भी की लेकिन विस्तृत विवरण ट्रस्ट की ओर से जारी किए जाने की जानकारी दी।