बॉर्डर पर कुक्कुट और उसके उत्पादों की बढ़ी निगरानी
Deoria News - देवरिया में बर्ड फ्लू के खतरे के चलते कुक्कुट और उसके उत्पादों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। गोरखपुर में वायरस मिलने के बाद, जिले के सभी फार्मों की जांच की जा रही है। 272 नमूनों की रिपोर्ट अभी तक नहीं आई...

देवरिया, निज संवाददाता। जनपद के बॉर्डर पर कुक्कुट और उसके उत्पादों पर निगरानी बढ़ा दी गयी है। ऐसा बाहर से मुर्गियों और उसके उत्पादों के आने पर लगाई गई रोक के बाद किया गया है। बर्ड फ्लू को देखते हुए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पड़ोसी जिले गोरखपुर में बर्ड फ्लू के वायरस मिलने से जिले के फार्म संचालकों की चिंता बढ़ गयी है। अभी तक जिले के फार्मो से भेजी गई 272 नमूनों की रिपोर्ट नहीं आई है। फार्म संचालकों को मुर्गियों की अचानक मौत होने पर तत्काल सूचना देने का निर्देश है। पिछले महीने गोरखपुर के चिड़ियाघर के जानवरों व पक्षियों में बर्ड फ्लू वायरस के पाजीटिव होने की पुष्टि हुई थी।
इसके बाद चिड़ियाघर के बाहर से भी पशु पालन विभाग की टीम ने नमूना लिया। इसमें भी आधा दर्जन मुर्गियों बर्ड फ्लू के लक्षण मिले। पड़ोसी जिले में बर्ड फ्लू के दस्तक के बाद जिले में भी सतर्कता बढ़ा दी गयी। क्योंकि जिले में 180 लेयर फार्म तथा 350 ब्रालर फार्म हैं। दोनों फार्मो को मिलाकर 15 लाख से अधिक पक्षी हैं। पशु पालन विभाग की टीम ने फार्मो से 272 नमूना लेकर जांच को भेजा है। वहीं सभी फार्मो व गौ शालाओं का सेनिटाइजेशन कराया गया। गोरखपुर में बाहर के मुर्गियों में भी बर्ड फ्लू के वायरस मिलने के बाद 31 मई से जिले में बाहर से आने वाले कुक्कुट और उसके उत्पादों पर रोक लगा दी गयी है। इसके लिए पशु पालन विभाग और पुलिस द्वारा जिले के बार्डर पर निगरानी की जा रही है। जिले में बाहर से आने वाले मुर्गियों और उसके उत्पादों पर रोक लगाया गया है। गोरखपुर से जिले के बार्डर पर विशेष निगरानी करने का निर्देश दिया गया है। अगले आदेश तक कुक्कुट और उसके उत्पादों पर कड़ाई से निगरानी को डीएम दिव्या मित्तल ने एसपी, एडीएम प्रशासन, सीएमओ, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा समस्त उप जिलाधिकारियों को पत्र लिखा है। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा.एके वैश्य ने कहा कि बाहर से आने वाले कुक्कुट और उसके उत्पादों पर पूरी तरह से रोक लगा दी गयी है। बार्डर पर ही इसकी निगरानी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।