साढ़े दस ग्राम स्मैक के साथ एक गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
Deoria News - बनकटा पुलिस ने शुक्रवार रात चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को 10.5 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी मनोज सिंह को पकड़ने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।...

बनकटा(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। बनकटा पुलिस ने शुक्रवार की रात चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति को साढ़े दस ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से आरोपी को जेल भेज दिया गया। बनकटा थाने के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ रात को दलन छपरा में स्याही नदी पर बने पुल पर चेकिंग कर रहे थे। इस बीच एक व्यक्ति पुलिस टीम को देख कर भागने लगा। पुलिस टीम ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से 46 पुड़िया मिला। जांच में पुड़िया के अंदर से स्मैक मिला।
उसकी तौल कराने पर साढ़े दस ग्राम स्मैक मिला। पुलिस ने संबंधित आरोपी मनोज सिंह पुत्र परमानंद सिंह निवासी अहिरौली बघेल उत्तर पट्टी थाना बनकटा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध केस दर्ज किया है। आरोपी के विरुद्ध बनकटा थाने में 2003 में मारपीट, 2015 में बलवा, मारपीट, धमकी, हत्या के प्रयास, 2023 में हत्या के प्रयास, बलवा व धमकी, 2025 में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि आरोपी स्मैक के साथ पकड़ा गया है। केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।