कटान तेज, पेड़ों को निगल रहीं सरयू की लहरें
Deoria News - बरहज(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। दक्षिणी किनारे पर निर्माणाधीन मोहन सेतु के निकट नदीभीषण कटान कर

बरहज(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। दक्षिणी किनारे पर निर्माणाधीन मोहन सेतु के निकट नदीभीषण कटान कर रहीं हैं। कटान से कृषि भूमि के साथ हरे पेड़ नदी की धारा में समाहित हो रहे है। पांच दिन में तीन हरे पेड़ कटान की भेंट चढ़ चुके है। बाढ़ खण्ड के अधिकारी शीघ्र बचाव कार्य करने की बात कह रहे है। कटान से दियारा के लोगों की मुश्किल भी बढ़ने लगी है। सरयू की कटान खतरनाक होती जा रही है। बरहज से कपरवार तक नदी कई जगह कटान कर रही है। सर्वाधिक दिक्कत निर्माणाधीन पक्का पुल के निकट कटान से है। नदी का क्षैतिज परवाह दक्षिणी किनारे की भूमि निगल रहा है।
कटान से किनारे की कृषि भूमि थोक के भाव नदी में समा रही है। लगभग सौ मीटर की लंबाई के कटान हो रही है। भूमि के साथ हरे और छायादार वृक्ष भी कट कर गिर रहे है। पांच दिन में हनुमान मंदिर के निकट लगे पीपल, बरगद और पाकड़ के तीन पेड़ नदी में समा गए है। नदी धर्मपुर देवार निवासी भोला यादव के आशियाने के समीप कटान कर रही है। नदी और हनुमान मंदिर की दूरी भी सिमटती जा रही है। परासिया देवार और विशुनपुर देवार के ग्रामीणों की जान सांसत में पड़ गई है। नाव खड़ा करने वाला कच्चा घाट नदी में समाहित हो गया है। कटान से किनारे पर नदी गहरी हो गई है, जिससे नाव पर चढ़ना और उतरना खतरे को दावत दे रहा है। नाव पर चढ़ने और उतरने में लोगों को एड़ी चोटी का जोर लगाना पड़ रहा है। विशुनपुर देवार के ग्राम प्रधान ओमप्रकाश यादव, पूर्व प्रधान अशोक यादव, मृत्युंजय पांडेय, मन्जनाथ यादव, बबलू यादव सिंह, विनय कुमार आदि ने बताया कि कटान से हम लोगों की परेशानी बढ़ गई है। किनारा एकदम खड़ा हो गया। किनारे पर नाव का इंतजार करते समय छाया देने वाले तीन पेड़ भी नदी में गिर गए है। सूचना देने भी कटान रोकने के उपाय नहीं हो रहे है। इस सम्बंध में बाढ़ खंड के सहायक अभियंता अशोक द्विवेदी ने बताया कि नदी का दाहिना छोर मऊ जिला देखता है। स्थिति से अधिशासी अभियंता मऊ को अवगत करा दिया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।