महुआडीह चौराहे पर प्रतिदिन लग रहा है जाम, फंसे रहे हैं वाहन
Deoria News - महुआडीह चौराहे पर जाम की समस्या लगातार बढ़ रही है। शाम के समय, वाहन आधे घंटे तक फंसे रहते हैं, जिससे लोगों को पैदल चलने में भी कठिनाई होती है। अतिक्रमण और अनियंत्रित ई-रिक्शा इस समस्या को और बढ़ा रहे...

महुआडीह(देवरिया), हिन्दुस्तान टीम। महुआडीह चौराहे पर जाम की समस्या आम हो गई है। शाम ढलते ही प्रतिदिन चौराहे पर जाम जैसी स्थित उत्पन्न हो जा रही है। जिससे आधे- आधे घंटे तक वाहन सड़क पर फंसे रह रहे हैं। जाम के कारण लोगों को पैदल आना- जाना भी मुश्किल हो जा रहा है। वहीं जाम से निजात दिलाने के लिए कई बार पुलिसकर्मी भी बेबस नजर आते हैं। देवरिया- हाटा मार्ग पर महुआडीह चौराहा जाम का केन्द्र बन गया है। महुआडीह चौराहे पर सड़क किनारे दोनों पटरियों पर अतिक्रमण कर दुकानदार फल, जूस, सब्जी व चाय की दुकानें लगा रहे हैं।
वहीं शेष बचे जगहों पर ठेले- खोमचे वालों ने अपना कब्जा जमा रखा है। जबकि सड़कों पर टेम्पो व ई- रिक्शा चालक अपनी वाहन खड़ा कर सवारियां भरते हैं, जिससे आए दिन चौराहे पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो जा रही है। शाम के समय अक्सर प्रतिदिन आधे- आधे घंटे तक चौराहे पर जाम लग रहा है, जिसमें वाहन देर तक फंसे रह रहे हैं। कई बार तो जाम के बीच एम्बुलेंस भी फस जा रहे है, जिसे निकालने में चालकों को काफी परेशानियों का सामना भी करना पड़ रहा है। वहीं जाम के कारण स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में लोगों को जाम से निजात दिलाने में पुलिस व होमगार्ड के जवान भी कई बार बेबस ही नजर आते हैं। यही हाल चौराहे से काली माता मंदिर के तरफ जाने वाली सड़क का भी है। थोड़ा जगह मिलते ही घुसा देते हैं ई-रिक्शा महुआडीह चौराहे से काली माता जाने वाली सड़कों पर बेतरतीब ढंग से चल रहे ई रिक्शा जाम के मुख्य कारण बन रहे हैं। नियमो से अंजान ई- रिक्शा चालक धड़ल्ले से ई-रिक्शा चला रहे है और थोड़ी जी जगह मिलते ही अपनी ई- रिक्शा घुसा देते हैं। जिससे कई बार बड़े वाहन फंस जाते है। वहीं सवारी लेकर कई बार ई-रिक्शा चालक अपनी ई-रिक्शा बीच सड़क या फिर सड़को के किनारे खड़ा कर देते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।