बोले एटा: दहशतगर्दों का यही होना चाहिए हाल
Etah News - भारतीय सेना की कार्रवाई के बाद युवा सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित हो रहे हैं। एटा में छात्रों ने भारतीय सेना की तारीफ की और कहा कि उन्हें गर्व है। वे सेना में भर्ती के लिए तैयारी कर रहे हैं और...
भारतीय सेना की ओर से पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई के बाद युवा जोश में हैं। युवाओं ने सेना की कार्रवाई को सही बताते हुए सेना में जाने का मन बना लिया है। कहा कि अगर मौका मिलेगा तो सेना में नौकरी कर पाकिस्तान को सबक सिखाएंगे। इसके लिए युवा तैयारियां भी कर रहे हैं। कोई एनडीए की कोचिंग ले रहा है तो कोई फिजीकल फिटनेस के लिए सुबह चार बजे से ही दौड़भाग कर रहा है। हिन्दुस्तान टीम ने बोले एटा अभियान के तहत युवाओं को मन टटोला। इस दौरान वे बोले कि ऐसी कार्रवाई और होनी चाहिए। ताकि आतंकवाद को शह दे रहे लोग भविष्य में दुस्साहसिक हिम्मत न जुटा सकें।
रुवार को जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज में हिन्दुस्तान की टीम पहुंची और युवाओं का मन टटोला। जैसे ही पहलगाम हमले को लेकर चर्चा की शुरुआत की वैसे ही युवाओं ने भारतीय सेना की तारीफ करना शुरू कर दिया। एक स्वर में युवा बोले कि बहुत अच्छा काम किया गया है। अभी ऐसे हमले और होने चाहिए। क्योंकि जब तक आतंक को पनाह देने वालों को करारा जवाब नहीं मिलेगा तब तक वह कुछ न कुछ करते रहेंगे। पुष्पेंद्र ने कहा कि पाकिस्तान हर बार घटना करने के बाद सुबूत मांगता था। इस बार भारतीय सेना ने सुबूत उपलब्ध करा दिए हैं। अभी बीच-बीच में इस तरह का हमला भारत की ओर से होते रहने से आतंकवाद हमेशा खौफ में रहेगा। आतंकियों ने पहलगाम में बेगुनाहों पर हमलाकर देश भर में दहशत फैला दी थी। हर कोई इस घटना से आहत था। भारतीय सेना भी इन आतंकियों पर नजर रखे हुए थी। महिलाओं का सम्मान रखने लिए सिंदूर नाम भी बहुत अच्छा दिया है। हम लोग भी चाह रहे हैं कि सेना में भर्ती हो जाए। ताकि देश के लिए कुछ अच्छा करने का मौका मिले। इसके लिए तैयारियां कर रहे है। सेना पर हमें गर्व: छात्रों ने बताया कि भारतीय सेना की ओर से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि युद्ध के समय ही नहीं हम हर समय तैयार हैं। सेना हमारे देश रीढ़ है। यह ऑपरेशन हम युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। जो वर्दी पहनते हैं वह भरोसा भी जीतते हैं। भारतीय सेनाएं जानती हैं कि देश को कैसे सुरक्षित रखना है। पूरा देश सिर्फ सेना की वजह से ही सुरक्षित महसूस कर रहे है। हमें अपनी सेना पर गर्व है। इससे बड़ी कार्रवाई कब: जवाहर लाल नेहरू डिग्री कॉलेज में बात करते हुए छात्रों ने कहा ऑपरेशन सिंदूर तो एक शुरुआत है। हमें अंजाम तक पहुंचने के लिए इससे बड़ी कार्रवाई की जरूरत है। आतंक की जड़ पर वार होना चाहिए। जैसे सर्जिकल स्ट्राइक और बालाकोट के बाद भी दुश्मन नहीं सुधरा। वैसे ही ही अब एक ठोस युद्ध नीति पर भारत को आगे बढ़ना चाहिए। क्योंकि अब समय आ गया है कि भारत आंतक का सफाया करे। इसके लिए सभी युवा देश के साथ खड़े हैं। हर हाल में भारत आतंक का सफाया करें। दुनिया भर देश भी यही चाहते हैं। राष्ट्रसेवा के लिए युवा हो रहे तैयार मारहरा और मिरहची क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा सेना के लिए तैयारी करते हैं। सुबह 4 बजे लड़का और लड़कियां कासगंज रोड पर दौड़ लगाते हुए दिखाई देते हैं। निर्धारित समय सीमा में यह अपनी दौड़ पूरी करते हैं। लड़कियां भी दौड़ लगाने में पीछे नहीं हैं। इसके बाद सेना में होने वाली सभी शारीरिक दक्षता पूरी करते हैं। करीब दो घंटे से ज्यादा का समय तैयारियों में लगाते है। भर्ती के समय इन युवाओं को मौका भी मिल जाता है। सेना में रहकर कुछ देश के लिए अच्छा कर सकें। ऑपरेशन सिंदूर के बाद सभी भारत की रक्षा के लिए खुद को मानसिक व शारीरिक रूप से तैयार कर रहे हैं। छात्रों ने कहा कि हमारा सपना सिर्फ नौकरी नहीं, राष्ट्र की सेवा भी बन गया है। सरकार का यह कदम दिखाता है कि अब सब्र का बांध टूट चुका है। हमें न केवल गर्व है बल्कि उम्मीद है कि अगली कार्रवाई और मजबूत होगी। पाकिस्तान हिल जाएगा। आतंक को पनाह देने का परिणाम भी उसे मिलना चाहिए। -आकाश शर्मा मेरी सेना में जाने की इच्छा और भी प्रबल हो गई है। जब देश इनता बहादुर है तो उसमें खून देने वालों को पीछे नहीं रहना चाहिए। देश सेवा के लिए युवाओं की भागेदारी का जरूरी है। सेना में जाने के लिए तैयारियों को और तेज कर देंगे। -प्रशांत कुमार मेरे लिए यह ऑपरेशन सिर्फ सैन्य कार्रवाई नहीं, बल्कि भावनात्मक चेतना है। अब हम युवाओं को तय करना होगा कि चुप नहीं रहना है। आतंकवाद के खिलाफ आवाज उठानी होगी। युवाओं की जरूरत होगी तो हम सभी तैयार हैं। -नीरज शर्मा अगर भारत लगातार इसी तरह जवाब देता रहा तो एक दिन आतंक की जड़ें खुद ब खुद खत्म हो जाएंगी। इसके लिए मजबूत इच्छा शक्ति होनी चाहिए। देश का हर युवा सेना के साथ खड़ा है। देश की सेना जो किया वह काफी बड़ा काम है। -शिवांक भारत ने जिस सटीक तरीके से ऑपरेशन सिंदूर को अंजाम दिया है, उसने पूरी दुनिया को यह दिखा है कि अब हम सिर्फ सहने वाले नहीं है। मुझे गर्व है कि मैं भारत का हिस्सा हूं। भारतीय सेना ने आतंक पर्याय बने देश का युवा अब मौन नहीं है। हम सब चाहते हैं कि अगर जरूरत पड़ी तो हम हथियान उठाएं। यह आत्मबल इस ऑपरेशन ने दिया है। भारत सरकार ने भी यह दिखा दिया है कि हम विदेशी ताकतों के मोहताज नहीं है। देश को अब बदला लेना आता है। -देव तौमरपाकिस्तान को करारा जवाब दिया। -रोहित पहलगाम के आतंकी हमले में मारे गए 26 निर्दोष का बदला भारत ने नौ आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त कर लिया है। इसी तरह आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर पाकिस्तान को अपनी ताकत का अहसास कराएं। -रुशिदा, छात्रा जेएलएन डिग्री कालेज, भारत ने पाकिस्तान में नौ आतंकी ठिकानों को नष्ट कर आतंकवाद का फन कुचलने का काम किया है। इसी तरह आगे भी भारत को पाकिस्तान में कैंप संचालित कर रहे आतंकवादियों पर हमले करने चाहिए। -तनु मिश्रा, छात्रा, मलावन (एटा)। पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की हत्या का बदला भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकी ठिकानों को नष्ट कर लिया है। भारतीय सेना पाकिस्तान में चल रहे आतंकी ठिकानों को पूरी तरह नष्ट करें। जिससे भविष्य में ऐसी घटना न हो। -तनीषा, छात्रा, शांतिनगर पाकिस्तान में भारत की सेना जो कार्रवाई की है, वह पूरी तरह से उसके समर्थन में हैं। यदि देश सेवा के लिए जरूरत पड़ी तो वह सेना में शामिल होकर दुश्मनों को मुंह तोड़ जबाव देने को तैयार है। यह गौरवान्वित करने वाला क्षण है। -दीपक यादव, छात्र, शांतिनगर भारत ने आतंकी ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर बदला लिया है। यह भारतीय सेना का सराहनीय कदम है। जरूरत पड़ेगी तो वह सेना में शामिल होकर पाकिस्तान को मुंह तोड़ जवाब देने को तैयार हैं। -आदित्य शाक्य, छात्र, अवंतीबाईनगर पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब देने का काम भारतीय सेना ने किया है। पाकिस्तान की विश्व में पोल खोलकर रख दी है, जिससे विश्व के सामने पाकिस्तान का दोहरा चरित्र सामने आ गया है। -यश, छात्र, रेलवे कालोनी पाकिस्तान और उसकी सेना को मुंह तोड़ जवाब देने का कार्य भारत जिस तरह कर रहा है। वह बहुत ही गौरवशाली है। भारतीय सेना की ताकत का अहसास अब पाकिस्तान को हो गया है। यह सराहनीय कार्य है। -संध्या, छात्रा, सुनहरीनगर पहलगाम में निर्दोष लोगों का खून बहाने वाले आतंकवादियों को सर्जिकल स्ट्राइक कर मुंह तोड़ जबाव देने पर वह प्रधानमंत्री का धन्यवाद करती है। इसी तरह आगे भी यह कार्य भारतीय सेना करती रहे। -नेहा शर्मा, छात्रा, महाराणाप्रतापनगर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।