ससुराल गए युवक का खेत में मिला शव, हत्या का आरोप
Ghazipur News - जमानियां के देवड़ी नहर पुलिया के पास एक युवक का शव मिला। शव की पहचान विनोद बिंद के रूप में हुई, जिसकी पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। युवक के सिर पर गंभीर चोट थी और घटनास्थल पर बीयर की खाली केन मिली।...

जमानियां, हिन्दुस्तान संवाद। कोतवाली क्षेत्र के देवड़ी नहर पुलिया के पास खेत में गुरुवार की सुबह युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव के शिनाख्त कोशिश की लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई। फोटो सोशल मीडिया पर डाले जाने के बाद शाम को उसकी शिनाख्त चंदौली जिले के कंदवा थाना के ग्राम परसडीहा निवासी विनोद बिंद के तौर पर हुई। वह अपने ससुराल जमानियां कोतवाली क्षेत्र के हमीदपुर कटहरा गांव में गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया। पत्नी ने हत्या करने का आरोप लगाया है।
युवक के सिर पर गंभीर चोट लगी है। जानकारी के अनुसार नई बाजार देवैथा संपर्क मार्ग के देवड़ी तिराहे स्थित नहर पुलिया के उत्तर तरफ खेत में युवक का शव देखकर ग्रामीणों की काफी भीड़ जुट गई। ग्रामीणों के अनुसार युवक के सिर के पिछले हिस्से में गहरी चोट के कारण काफी खून बह चुका था। खेत के कुछ दूरी पर बीयर की खाली केन तथा बाइक के टायर के निशान थे। इससे लग रहा था कि युवक की हत्या की गई है। घटनास्थल से करीब 400 मीटर दूरी पर कंपोजिट शराब की दुकान भी है। युवक पैंट, शर्ट पहने हुए था। पुलिस शव को लेकर थाने पहुंची और फोटो सोशल मीडिया पर डाला। जिसके बाद चंदौली जिले के कंदवा थाना के ग्राम परसडीहा निवासी रमेश बिंद थाने पहुंचा और शव की शिनाख्त भाई 29 वर्षीय विनोद बिंद के तौर की। बताया कि विनोद बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करता था और आठ दिन पहले ही घर आया था। बुधवार की शाम को वह अपने ससुराल जमानियां के हमीदपुर कटहरा गांव में गया था। विनोद की पत्नी वंदना ने कि मायके में घर पर शिव चर्चा पूजन के बाद खाना खिलाया जा रहा था। रात करीब 10 बजे पति का चचेरा भाई शिव शंकर बिंद आया और पति को बुलाकर घर के बाहर ले गया। जहां पहले से ही चंदौली के जलालपुर का एक व्यक्ति मौजूद था। दोनों पति को अपने साथ लेकर कही चले गए। पत्नी मे पति की हत्या का दोनों पर आरोप लगाया है। क्षेत्राधिकारी राम कृष्ण तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने पर मौत का कारण पता चलेगा। मामले में विनोद के बड़े भाई रमेश ने हत्या करने का आरोप लगाते हुए दो के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। मामले की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।