दो दिन पहले लापता युवक की ट्रेन से कटकर मौत
Ghazipur News - दुल्लहपुर स्टेशन पर ट्रेन से टकराने से 18 वर्षीय विजय यादव की मौत हो गई। विजय अपने पिता से बाइक खरीदने की जिद को लेकर नाराज होकर घर से निकला था। उसके परिवार ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका शव स्टेशन पर...

मरदह, हिन्दुस्तान संवाद। दुल्लहपुर स्टेशन पर ट्रेन की चपेट में आने से गुरुवार को एक युवक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची जीआरपी ने बैग में कागजात मिलने पर युवक की शिनाख्त बिरनो थाना के सेमउरचक निवासी 18 वर्षीय विजय यादव के तौर पर हुई। विजय दो दिन पहले पिता के अपाचे बाइक खरीदने से मना करने पर गुस्सा होकर घर से निकला था। जानकारी के अनुसार बिरनो के सेमउरचक निवासी विनोद यादव के दो बेटों में 18 वर्षीय विजय छोटा था। वह पिता से अपाचे बाइक खरीदने की जिद कर रहा था लेकिन पिता ने दो माह पूर्व स्पेलेंडर बाइक खरीदने की बात कहकर नई बाइक खरीदने से मना कर दिया।
इस बात को लेकर पिता पुत्र में कई बार विवाद हो चुका था। पिता घर की आर्थिक स्थित ठीक न होने का हवाला देकर दूसरी बाइक खरीदने से मना कर रहे थे। लेकिन विजय जिद पर अड़ा था और गुस्से में दो दिन पूर्व मोबाइल तोड़ दिया था। नाराज होकर अपना बैग लेकर घर से निकल गया था। तबसे घर वाले विभिन्न रिश्तेदारियों में खोजबीन कर रहे थे। इसी बीच सूचना मिली कि दुल्लहपुर स्टेशन पर युवक का शव मिला है। स्टेशन पहुंचने पर विजय का ही शव था जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। विनोद यादव के दो पुत्रों में विजय यादव छोटा था। बड़ा पुत्र अजय यादव पढ़ाई करता है। तीन पुत्रियों में दो की शादी हो चुकी है। एक छोटी पुत्री अंतिमा अभी छोटी है। घर की आर्थिक स्थित ठीक न होने से कम उम्र में ही विजय मुम्बई में प्राइवेट नौकरी करता था। वह पन्द्रह दिन पूर्व ही मुम्बई से घर आया था। घटना के बाद विजय की छोटी बहन अंतिमा, मां राजमती देवी के रोने बिलखने से गांव में शोक की लहर व्याप्त है। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार विजय यादव के पिता विनोद यादव कुछ वर्ष पहले एक्सीडेंट में घायल हो गए थे। उसके बाद काम करने की स्थिति में नहीं थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।