युवक की गोली मारकर हत्या, प्रेम विवाह के बाद ससुरालियों से विवाद था, कल भी हुई थी लड़ाई
यूपी के मेरठ में सनसनीखेज वारदात सामने आई है। एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव शुक्रवार सुबह काली नदी के पुल के निकट पड़ा मिला। प्रेम विवाह के बाद ससुरालियों से विवाद था। कल लड़ाई भी हुई थी।

यूपी के मेरठ में भावनपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक का शव शुक्रवार सुबह काली नदी के पुल के निकट पड़ा मिला। पुलिस को मौके से एक स्कूटी, मोबाइल फोन, हत्या में प्रयुक्त तमंचा और कुछ पैसे भी मिले हैं। हत्या के पीछे की वजह रंजिश मानी जा रही है। युवक की हत्या की भनक लगते ही परिजनों में कोहराम मच गया। उन्होंने मोर्चरी के बाहर गढ़ रोड मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस की माने तो 2 साल पहले तुषार ने एक युवती से लव मैरिज हुई थी। परिजन लगातार इसका विरोध करते आ रहे थे। ससुरालियों से विवाद चल रहा था। दोनों परिवारों में रंजिश के चलते गुरुवार को भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी
ग्राम गेसूपुर-रानी चौहान संपर्क मार्ग पर काली नदी पुल के निकट शुक्रवार सुबह युवक का शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। पास ही झाड़ियां में लाल रंग की स्कूटी भी मिली है जो मृतक की बताई गई। इसके अलावा एक तमंचा, दो मोबाइल फोन और 1200 रुपए भी मिले हैं जो रंजिश में की गई हत्या की ओर इशारा कर रहे हैं। युवक के सिर में पीछे से सटाकर गोली मारी गई है जिसके चलते उसकी आंख भी बाहर आ गई। पुलिस ने मृतक की पहचान सराय काजी थाना मेडिकल निवासी 23 वर्षीय तुषार सैनी पुत्र संजय सैनी के रूप में की और उसके परिजनों से संपर्क साधा। तुषार की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जब तक परिजन मौके पर पहुंचते तब तक पुलिस ने शव को मोर्चरी भिजवा दिया। नाराज परिजनों ने मोर्चरी के सामने गढ़ रोड जाम कर दिया।
उन्होंने मोहल्ले के ही एक परिवार पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस की माने तो 2 साल पहले तुषार ने एक युवती से प्रेम विवाह किया था, जिनके परिजन लगातार इसका विरोध करते आ रहे थे। दोनों परिवारों में रंजिश चली आ रही थी। इसी रंजिश के चलते गुरुवार को भी दोनों पक्षों में मारपीट हुई थी और तुषार के पिता को मेडिकल में भर्ती करना पड़ा था। गुरुवार को तुषार कचहरी आया था लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटा। सुबह उसकी मौत की सूचना पहुंच गई। सीओ सदर देहात शिव प्रताप सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा बूझकर जाम खुलवा दिया।
उनका कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। रंजिश व प्रेम प्रसंग से जुड़ी कुछ जानकारी पुलिस को मिली है, जिसके आधार पर पुलिस छानबीन कर रही है। कुछ लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। परिजनों की तरफ से जो तहरीर दी जाएगी उसी के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई होगी।