दूल्हा-दुल्हन की कार पर हमला करने में मुकदमा दर्ज
Gonda News - बस्ती में शादी के बाद दूल्हा-दुल्हन की कार पर कुछ लोगों ने लाठी-डंडे और हॉकी से हमला किया। इस हमले में दूल्हा, कार चालक और एक महिला घायल हो गए। लड़की के पिता ने पुलिस में चार आरोपियों के खिलाफ मामला...

-पिता की तहरीर पर एक नामजद और तीन अज्ञात पर केस परसपुर, संवाददाता। थाना क्षेत्र के पसका रोड पर बीते रविवार को चौहान पुरवा के पास लाठी-डंडे व हॉकी से लैस लोगों ने शादी में रोड़ा डालने के उद्देश्य से विदा होने के बाद दूल्हा-दुल्हन की कार रोक कर जमकर तोड़फोड़ की थी। हमले में दूल्हा, कार चालक समेत तीन लोग घायल हुए थे। घटना के दो दिन बाद लड़की की पिता की ओर से पुलिस ने एक नामजद समेत चार आरोपियों पर मारपीट का केस दर्ज किया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस पर तहरीर बदलवा कर मामले को हल्का करने का आरोप लगाया है।
थानाक्षेत्र के ग्राम सकरौर के गंगा प्रसाद सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसने अपने बेटी की शादी जिला बहराइच के थाना पखरपुर के ग्राम इटहुआ के अनूप सिंह के साथ तय की थी। इसके बाद द्वेष भावना से शिवम सिंह ने उसे धमकाया था यह शादी नहीं होने देंगे। बीते शनिवार को बेटी की बारात आई। शादी संपन्न होने के बाद रविवार को बेटी की विदाई के बाद ससुराल जा रही थी। इसी बीच रास्ते में कार रोककर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में कार क्षतिग्रस्त के साथ बेटी और दामाद के साथ कार चालक के साथ मारपीट की गई। इस दौरान बेटी की कान की सोने की झुमकी भी गुम हो गई। दूल्हा, एक महिला व चालक गंभीर घायल हो गए थे। इसके बाद हमलावरों ने पीछा किया तो कार चालक दूल्हा-दुल्हन को लेकर करनैलगंज कोतवाली पहुंच कर किसी तरह जान बचाई थी। पुलिस ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करके जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।