अग्निशमन विभाग ने फैक्ट्री संचालक पर दर्ज कराया मुकदमा
Gorakhpur News - गोरखपुर के गीडा सेक्टर 13 में टोटल फास्टफूड प्रोजेक्ट प्रा. लि. फैक्ट्री में हुए धमाके में मालिक हिमांशु मणि त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। फैक्ट्री में घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा...

घघसरा (गोरखपुर) हिन्दुस्तान संवाद। गीडा के सेक्टर 13 स्थित टोटल फास्टफूड प्रोजेक्ट प्रा लि. व गत्ता, दोना-पत्तल फैक्ट्री में हुए धमाके में अग्निशमन विभाग ने फैक्टरी मालिक हिमांशु मणि त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। आरोप है कि फैक्ट्री में घरेलू सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। अग्निशमन विभाग की जांच में सुरक्षा मानक के विपरीत फैक्ट्री के संचालन की बात सामने आई है। उधर, धमाके में झुलसे श्रमिकों का मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। दो की हालत गंभीर है। दरअसल, गीडा के सेक्टर 13 में टोटल फास्टफूड प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड व गत्ता दोना-पत्तल फैक्ट्री में नूडल बनाने के दौरान बुधवार शाम हुए तेज धमाके में सात श्रमिक झुलस गए थे। सभी श्रमिक बिहार के अररिया जिले के हैं। इनमें दो की हालात गंभीर है। उनका बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है।
फैक्ट्री में नूडल उत्पादन के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का लापरवाही पूर्वक इस्तेमाल करने पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष कुमार राय ने फैक्टरी संचालक हिमांशु मणि त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज कराया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गीडा सेक्टर 13 स्थित टोटल फास्टफूड प्रोजेक्ट फैक्ट्री में नूडल उत्पादन के दौरान घरेलू गैस सिलेंडर का लापरवाही पूर्वक इस्तेमाल किया गया। छानबीन करने पर पता चला कि फैक्टरी संचालक द्वारा सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है। मशीनरी संबंधी कार्यों में घोर उपेक्षा बरती गई है, जिसके परिणामस्वरूप यह घटना घटित हुई। मुख्य अग्निशमन अधिकारी की तहरीर पर पुलिस ने फैक्ट्री संचालक कैंट इलाके के कूड़ाघाट सिंघड़िया खोठा निवासी हिमांशु मणि त्रिपाठी पुत्र राजेन्द्र मणि त्रिपाठी के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।