निषाद पार्टी के अध्यक्ष व उनके पुत्र की फिसली जुबां, बोले-जो पार्टी का झंडा नहीं उठा रहे वह निषाद कसाई है
Gorakhpur News - निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने सपा सुप्रीमो पर बोला हमला मंत्री

गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता निषाद पार्टी के तेवर अब आक्रामक होते जा रहे हैं। दूसरे दल से जुड़े निषादों पर पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी अब हमलावर हो गए हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद और राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. अमित निषाद ने विद्रोही निषादों पर हमला बोला है। मंत्री संजय निषाद के पुत्र डॉ. अमित निषाद ने कहा कि जो निषाद पार्टी का झंडा नहीं उठा रहे, वह समाज के लिए कसाई की तरह है। उनके इस बयान की पुष्टि अपने संबोधन के दौरान डॉ.संजय निषाद ने भी की। पिता-पुत्र के बयान के बाद निषाद राजनीति गरमा गई है।
सोमवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित मछुआ सम्मेलन में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि निषाद पार्टी समाज के लिए कई काम कर रही है। निषादों को तमाम सहायता मिल रही है। उन्हें हक मिल रहा है। युवाओं को रोजगार मिल रहा है। उन्हें पार्टी का साथ देना है। उन्होंने दूसरे दलों से निषाद राजनीति करने वाले निषाद नेताओं को भी आड़े हाथों लिया। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सपा-बसपा ने निषादों को अनुसूचित जाति से निकलकर पिछड़े में डाल दिया। बसपा से जुड़ने के बाद स्व. जमुना निषाद व महेंद्र सिंह राजपूत की राजनीति सिमट गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री ने भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा भाजपा के मेनिफेस्टो में पहले मछुआ विजन था। इस विजन के तहत निषादों के उत्थान के लिए प्रयास किए जाते थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जब सांसद थे, तब वह निषादों के हित में लगातार आवाज उठाते थे। अब तस्वीर जुदा हो गई है। सूबे में निषादों को अब तक अनुसूचित जाति का दर्जा नहीं मिला। जबकि हमारे आंदोलन के आधार पर शिल्पकार व प्रजापति समाज को 26 जिलों में अनुसूचित जाति का प्रमाण पत्र मिलने लगा है। वहीं निषाद, मल्लाह, केवट, मझवार अभी भी इसके लिए संघर्ष कर रहे हैं। खास बात यह है कि केंद्र सरकार मान रही कि निषाद अनुसूचित जाति के है, लेकिन प्रदेश सरकार इसे नहीं मान रही। पाकिस्तान के प्रवक्ता की भाषा बोल रहे विपक्ष के नेता : संजय निषाद गोरखपुर। वरिष्ठ संवाददाता पाकिस्तान में बैठे आतंकवादियों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन सिंदूर को लेकर राजनीतिक दलों में भी जुबानी जंग तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी द्वारा तिरंगा यात्रा पर सवाल उठाने के बाद जवाब देने के लिए निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद सामने आए हैं। सोमवार को बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में निषाद पार्टी की ओर से आयोजित मछुआ सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बातचीत में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद ने कहा की ऑपरेशन सिंदूर आतंकवादियों के खिलाफ किया गया हमला था। इसका लक्ष्य सिर्फ पाकिस्तान में छिपे आतंकवादियों को खत्म करना था। इसमें जीत मिली है। यह बुद्ध का देश है, युद्ध नहीं चाहता है। अगर युद्ध थोपा गया तो पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने समाजवादी पार्टी के मुखिया के बयान को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता पाकिस्तान के स्पीकर की तरह बोल रहे हैं। खास बात यह की जनता भी मान चुकी है कि वह पाकिस्तान के स्पीकर जैसे हैं। कैबिनेट मंत्री ने सपा के वरिष्ठ नेता रामगोपाल यादव के बयान की भी आलोचना की। उन्होंने सेना पर सभी को गर्व है। पहलगाम में धर्म पूछ कर हत्या की गई। सेना ने उसका करारा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सपा सुप्रीमो को भाड़े के पहलवानों की बजाय अखाड़े के पहलवान तलाशने चाहिए। सपा पहले ही विधानसभा में हाफ हो चुकी है। यही रवैया रहा तो अगले विधानसभा चुनाव में सपा साफ हो जाएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।