दिवंगत महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव के घर जाकर मुख्यमंत्री ने दी श्रद्धांजलि
Gorakhpur News - मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को गोरखपुर में दिवंगत भाजपा महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। इसके बाद, उन्होंने गुड्डू सिंह के घर...
गोरखपुर, वरिष्ठ संवाददाता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार पूर्वाह्न भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत महानगर अध्यक्ष देवेश श्रीवास्तव के घर जाकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान स्वर्गीय श्रीवास्तव के परिजनों से मुलाकात कर उन्होंने ढांढस भी बंधाया। मंगलवार सुबह वाराणसी से गोरखपुर पहुंचते ही मुख्यमंत्री भाजपा के महानगर अध्यक्ष रहे देवेश श्रीवास्तव के घर पहुंचे। देवेश श्रीवास्तव का 11 जून को हृदयाघात से निधन हो गया था। दुर्गाबाड़ी रोड स्थित आवास पर जाकर सीएम योगी ने उनके चित्र पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए और दिवंगत की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने देवेश श्रीवास्तव की पत्नी रीता श्रीवास्तव, बेटी के साथ परिजनों से मुलाकात कर दुख की इस घड़ी में उन्हें सांत्वना दी और आश्वस्त किया कि वह हमेशा परिवार के साथ खड़े हैं।
इस दौरान जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह, एमएलसी डॉ.धर्मेन्द्र सिंह, विधायक ग्रामीण विपिन सिंह, पूर्व महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता, पुष्पदंत जैन, डॉ.सत्येन्द्र सिन्हा, ओम प्रकाश शर्मा, अच्युतानंद शाही, मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, पार्षद अभिषेक शर्मा, शिवेन्द्र मिश्रा, मोहन सिंह, श्रवण पटेल, संजय सिंघानिया आदि उपस्थित रहे। गुड्डू सिंह को भी दी श्रद्धांजलि देवेश श्रीवास्तव के घर से निकलने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जेल रोड स्थित जितेंद्र बहादुर सिंह उर्फ गुड्डू सिंह के घर पहुंचे। गुड्डू सिंह का भी विगत दिनों निधन हो गया था। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। यहां भी उन्होंने परिवार के लोगों से मुलाकात की और इस दुखमय समय में ढांढस बंधाया। रेलकर्मी अजय सिंह का सीएम योगी ने जाना कुशलक्षेम गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को रेलकर्मी और सेंट एड्रयूज कॉलेज छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार सिंह के आवास पर जाकर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की। अजय कुमार सिंह रेल सेवा में आने से पहले भाजयुमो के पदाधिकारी थे। गोरक्षपीठ के प्रति अगाध श्रद्धा रखने वाले अजय सिंह कैंसर से पीड़ित थे और इलाज के बाद स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने गंगा नगर कॉलोनी स्थित उनके आवास पर जाकर उनका हालचाल जाना। उनसे और उनकी पत्नी शशि सिंह, बेटी तनु और पुत्र आयुष से आत्मीयतापूर्ण संवाद किया। अजय सिंह ने इलाज के दौरान आत्मीय संबल देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। इस दौरान पूर्व पार्षद बृजेश सिंह उर्फ छोटू, राजेश तिवारी, मुकेश सिंह और राजेन्द्र तिवारी मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।