जयमाल के दौरान दूल्हे ने कर दी गलत हरकत, गुस्साई दुल्हन ने शादी से किया इनकार; लौटा दी बारात
लड़की पक्ष के द्वारा बारातियों का स्वागत सत्कार किया गया और इसके बाद द्वारचार की रस्म होने के बाद जयमाल की तैयारी शुरू हुई। जयमाल के दौरान दूल्हे ने दुल्हन को गाली दे दिया, जिसके बाद दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया।दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद बिना दुल्हन के ही बारात लौट गई।

प्रयागराज के कौंधियारा थाना क्षेत्र के एक गांव में रविवार की रात आई बारात में स्वागत सत्कार और जयमाल के दौरान दूल्हे ने दुल्हन को गाली दे दिया जिससे गुस्साई दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। विवाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते के बाद बिना दुल्हन के ही बारात लौट गई। ग्रामीणों के मुताबिक दूल्हे की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी।
कौंधियारा थाना क्षेत्र के एक किसान ने अपनी बेटी का विवाह कोरांव क्षेत्र के एक युवक से तय किया था। रविवार रात बैंड बाजे के साथ बारात उनके दरवाजे पर पहुंची थी। लड़की पक्ष के द्वारा बारातियों का स्वागत सत्कार किया गया और इसके बाद द्वारचार की रस्म होने के बाद जयमाल की तैयारी शुरू हुई। जयमाल के दौरान दूल्हे ने दुल्हन को गाली दे दिया, जिसके बाद दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक लड़के की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी, जिसको लेकर दुल्हन नाखुश थी।
दोनों पक्षों के मध्य देर रात तक चली वार्ता के बाद सुबह किसी तरह समझौता हो गया। लड़की पक्ष ने वर पक्ष के गहने कपड़े व अन्य सामान वापस कर दिए और वर पक्ष ने बाइक नकदी व अन्य सामान वापस कर दिया। इसके बाद बिना दुल्हन के ही बारात लौट गई।
किशोरी का किया अपहरण जबरन सिंदूर से भर दी मांग
वहीं एक अन्य घटना में फूलपुर के चार युवकों ने क्षेत्र की एक किशोरी का जबरन अपहरण कर लिया और मंदिर में ले जाकर एक युवक से मांग भरवा दिया। बाद में घर लौटी किशोरी ने आपबीती परिजनों को बताया तो उनके द्वारा कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया गया। फूलपुर कोतवाली अन्तर्गत एक गांव की किशोरी गत 24 मई को कोचिंग के लिए घर से निकली थी। आरोप हैं कि क्षेत्र के मियांपट्टी निवासी मुलायम पुत्र ज्ञानचंद्र अपने मित्र शनी कुमार पुत्र ठाकुर व अन्य चार मित्रों के साथ जबरन अपहरण कर ले गये और एक मंदिर में मुलायम द्वारा किशोरी की मांग में सिंदूर भर दिया गया। इन सबका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया गया। तीन घंटे बाद लौटी किशोरी ने यह बातें परिजनों को बताई तो कोतवाली में तहरीर दी गई।