भारत संग जल्द होगा व्यापार समझौता, बस आप रूस से… अमेरिकी सचिव ने बताया क्या है राह में रोड़ा
अमेरिका के सेक्रेटरी ऑफ कॉमर्स हॉवर्ड लुटनिक ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा है कि वे भारत संग ट्रेड डील को लेकर बेहद आशावादी हैं। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच संबंधों की भी तारीफ की है।

India US trade deal: अमेरिका के वाणिज्य सचिव हॉवर्ड लुटनिक ने मंगलवार को भारत और अमेरिका के बीच संभावित ट्रेड डील को लेकर कहा है कि इस पर जल्द सहमति बन सकती है। उन्होंने कहा है कि वह इस समझौते को लेकर बेहद आशावादी हैं। हॉवर्ड लुटनिक वॉशिंगटन में यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप फोरम में इससे जुड़े सवालों का जवाब दे रहे थे। इस दौरान लुटनिक ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच अच्छे संबंधों का भी जिक्र किया है।
अमेरिकी वित्त मंत्री ने शिखर सम्मेलन में कहा कि देशों के बीच बहुत अच्छे संबंध हैं और वे जल्द ही एक व्यापार समझौते के लिए आशावादी हैं, जिससे दोनों देशों का लाभ होगा। उन्होंने कहा, “आपको निकट भविष्य में ही अमेरिका और भारत के बीच एक समझौते की उम्मीद करनी चाहिए क्योंकि मुझे लगता है कि हम ऐसे स्तर पर पहुंच गए हैं जो दोनों देशों के लिए लाभकारी है।"
इस दौरान लुटनिक ने पीएम मोदी और डोनाल्ड ट्रंप के रिश्ते पर बात करते हुए कहा, “ट्रंप और पीएम मोदी के संबंध बहुत मजबूत और बहुत सकारात्मक हैं। इससे हमें व्यापार पर चर्चा में आसानी होती है क्योंकि हम बहुत ही सकारात्मक जगह से शुरू करते हैं।" उन्होंने कहा है कि संयुक्त राज्य अमेरिका भारत को एक भागीदार और मित्र के रूप में अपनाने के लिए उत्सुक है।
इस दौरान अमेरिकी वाणिज्य सचिव ने यह भी बताया है कि क्या चीजें हैं जिसे लेकर अमेरिका खुश नहीं है। इनमें से एक है भारत का रूस से हथियार खरीदना। उन्होंने सम्मेलन में कहा, "भारत की कुछ चीजें आम तौर पर संयुक्त राज्य अमेरिका को नाराज करती थीं। उदाहरण के लिए, आप आम तौर पर रूस से अपना सैन्य उपकरण खरीदते हैं। अगर आप रूस से अपने हथियार खरीदने जा रहे हैं, तो यह अमेरिका को पसंद नहीं आएगा। मुझे लगता है कि भारत अमेरिका से सैन्य उपकरण खरीदने की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जिसके लिए अभी एक लंबा रास्ता तय करना है।”
लुटनिक ने ब्रिक्स देशों द्वारा डॉलर का विकल्प ढूंढने के चर्चे पर भी आपत्ति जताई, जिसका भारत हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह वास्तव में अमेरिका को दोस्त बनाने और लोगों को प्रभावित करने का तरीका नहीं है। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ने सीधे इस पर बात की है और भारत सरकार इसे खास तौर पर संबोधित कर रही है। इस तरह आप वास्तव में सकारात्मक स्थिति में आगे बढ़ते हैं। समस्याओं को सामने रखें, इसे सीधे संबोधित करें, इसे सीधे हल करें।”
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।