सगाई के दौरान ही दूल्हे ने दुल्हन को मारी गोली, मैरिज होम में इस बात से नाराज होने पर कर दी फायरिंग
यूपी के मैनपुरी में सगाई और गोद भराई की रस्म के दौरान ही दूल्हे ने दुल्हन को गोली मार दी। एक मैरिज होम में चल रहे कार्यक्रम के दौरान अचानक हुई वारदाता से अफरातफरी मच गई। दुल्हन को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।

यूपी के मैनपुरी में सगाई और गोद भराई की रस्म के दौरान ही दुल्हन को दूल्हे ने गोली मार दी। बिल्कुल पास से सिर में गोली लगने से दुल्हन की हालत गंभीर है। मैरिज होम में हो रहे कार्यक्रम में अचानक गोली चलने से हड़कंप मच गया। लड़का और उसके साथ आए लोग भाग खड़े हुए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची। घायल लड़की को सैफई मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। पुलिस ने मौके से तमंचा और लड़का पक्ष की कार बरामद की है। कहा जा रहा है कि लड़की ने लड़के को नापंसद कर दिया था। इसी से बौखलाए युवक ने वारदात को अंजाम दिया।
घटना बुधवार की दोपहर 2.30 बजे की है। जागीर ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम सगामई निवासी अमुख पुत्र राजेश राजपूत का रिश्ता भोगांव के नगला रामसहाय निवासी दीपशिखा पुत्री रघुवीर के साथ तय हुआ था। बुधवार को दोनों पक्ष गोद भराई की रस्म के लिए भैंसरोली स्थित शगुन मैरिज होम में पहुंच गए। मैरिज होम संचालक प्रहलाद शाक्य ने मैरिज होम के बेसमेंट में कार्यक्रम की तैयारियां करवा दी।
लड़का और लड़की पक्ष आमने-सामने बैठे और रस्म शुरू हुई। इसी दौरान लड़की ने लड़के को नापसंद कर दिया और उससे शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की के इस इनकार से लड़का अमुख बौखला गया। वह तमंचा साथ लेकर आया था, उसने मौके पर ही तमंचा निकाला और लड़की को निशाना बनाकर गोली चला दी। गोली दीपशिखा के सिर में लगी और वह वहीं गिर पड़ी। गोली चलते ही घटनास्थल पर भगदड़ मच गई। हमलावर युवक और उसके साथ आए लोग मैरिज होम से निकलकर खेतों से होकर भाग निकले।
पुलिस ने वाहन और तमंचे बरामद किए
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह, सीओ भोगांव सत्यप्रकाश शर्मा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर हमलावर युवक और उसके साथ आए लोगों की तलाश की गई लेकिन वे पकड़े नहीं जा सके। मैरिज होम में खड़े उनके वाहन और तमंचे को पुलिस ने बरामद कर लिया। एसपी सिटी ने बताया कि लड़की के सिर में गोली किनारे से लगी है। उसे भोगांव सीएचसी से जिला अस्पताल भेजा गया था जहां से उसे सैफई मेडिकल कॉलेज भर्ती करवा दिया गया है। भोगांव पुलिस को तहरीर लेकर मामला दर्ज करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसपी सिंटी अरुण कुमार सिंह के अनुसार घटना के संबंध में तहरीर नहीं आई है। गोली सिर में किनारे पर लगी है। परिजन सैफई मेडिकल कॉलेज में है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। भोगांव पुलिस की दो टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाई गई हैं।