रिटायर सैनिकों की सुनी समस्या,निस्तारण का दिया भरोसा
Hathras News - फोटो कैप्शन- 56 रिटायर सैनिकों के साथ बैठक करते एडीएम न्यायिक रिटायर सैनिकों की सुनी समस्या,निस्तारण दिया भरोसारिटायर सैनिकों की सुनी समस्या,निस्तारण

हाथरस। जिला सैनिक बन्धु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में करते हुए अपर जिलाधिकारी न्यायिक शिव नरायण शर्मा ने भूतपूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों की समस्याओं का निस्तारण ससमय गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान अपर जिलाधिकारी न्यायिक ने सैनिकों भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों के द्वारा प्रस्तुत शिकायती मामलों को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रेषित करने के साथ ही अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह हमारा कर्तव्य ही नहीं बल्कि सम्पूर्ण जिम्मेदारी है कि वह अपने सैनिकों एवं उनके परिवारों की देखभाल करें और उनके हित में कार्य करें।
सैनिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सैनिक कल्याण बोर्ड का गठन किया गया है। इस बोर्ड के माध्यम से हम उनकी समस्याएं दूर कर पाएंगे, तभी बोर्ड की सार्थकता सिद्ध होगी। सेना के जवान जिन्होंने देश की रक्षा और शांति के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया। उनके और परिवार के कल्याण के लिए बोर्ड द्वारा हर संभव कोशिश की जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व सैनिकों तथा उनके परिवारीजनों की समस्याओं के प्रति जिला प्रशासन संवेदनशील है उनकी समस्या-शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण कराया जायेगा। माह अप्रैल, 2025 में विभाग द्वारा की गयी कार्यवाही के बारे में जानकारी देते हुये जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कमान्डर रघुवीर सिंह ने बताया कि 08 सेवानिवृत्त सैनिको एवं 02 सैनिकों की विधाओं के पहचान पत्र जारी किये गए है। भूतपूर्व सैनिकों व उनके आश्रितों को उत्तर प्रदेश सरकार, केन्द्र सरकार व उनके उपक्रमों में घोषित कोटे में आरक्षण के तहत रोजगार दिलवाने के सम्बन्ध में 01 पूर्व सैनिकों का नाम डीजीआर दिल्ली को नौकरी हेतु संस्तुति किया गया है। 02 पूर्व सैनिकों का चयन सैनिक कल्याण निगम आगरा द्वारा नौकरी हेतु कराया गया है। सेवारत सैनिकों से प्राप्त 06 शिकायत के आवेदन पत्रों को पुलिस व प्रशासन द्वारा प्रभावी कार्यवाही के लिये प्रेषित किया गया। 02 भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों का सेना में भर्ती हेतु रिलेशन प्रमाण पत्र बनाने की कार्यवाही की गई है। 04 पूर्व सैनिकों के आश्रितों को पारिवारिक पेंशन दिलाने की कार्यवाही की गई है। 09 पूर्व सैनिकों व शहीद सैनिकों के आश्रितों को विभिन्न कोर्स में दाखिला हेतु आश्रित प्रमाण पत्र जारी किये गये। 06 भूतपूर्व सैनिकों के बच्चों का पार्ट टू आर्डर कराए जाने की कार्यवाही की गयी। कारगिल युद्ध में शहीद हुए सेनिको के माता-पिता को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा देय धनराशि रु0 5000 प्रतिमाह एवं पत्नी को 7500 प्रतिमाह की दर से पेंशन का वितरण माह फरवरी 2025 तक कर दिया गया है। जनपद में कारगिल युद्ध में शहीद हुए सैनिकों के आश्रितों की कुल संख्या- 04 है जनपद के द्वितीय विश्व युद्ध सैनिकों व उनकी पत्नियों को उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा देय राशि 6000 प्रति माह की दर से पेंशन का वितरण माह फरवरी 2025 तक कर दिया गया है। जनपद के द्वितीय विश्व युद्ध के सैनिकों उनकी पत्नियों की संख्या- 04 है। केन्द्रीय सैनिक बोर्ड, नई दिल्ली को 04 पूर्व सैनिकों की पुत्री की शादी हेतु अनुदान रु0 50,000 का भुगतान एवं पुनर्वास निधि द्वारा 01 पूर्व सैनिक की विधवा की पुत्री को शादी का अनुदान एक लाख रु0 की धनराशि दिलाए जाने की कार्यवाही की गई है। इस मौके पर वरिष्ठ कोषाधिकारी, नगर क्षेत्राधिकारी जी0एस0पाल0 स्टेशन हैडक्वाटर मथुरा, भूतपूर्व सैनिक एवं शहीद सैनिकों के आश्रित आदि उपस्थित रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।