बेटी और व्यापारियों की सुरक्षा में सेंध लगाई तो अगले चौराहे पर मिलेंगे यमराज, औरैया में बोले सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, यूपी में दो करोड़ नौजवानों को रोजगार की सुविधा मिली है। आज बेटी भी सुरक्षित है व्यापारी भी सुरक्षित है। बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले को पता है कि यदि उसने सुरक्षा में सेंध लगाया तो अगले चौराहे पर उसे यमराज ही मिलने वाले हैं।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, यूपी में दो करोड़ नौजवानों को रोजगार की सुविधा मिली है। आज बेटी भी सुरक्षित है व्यापारी भी सुरक्षित है। बेटी की सुरक्षा में सेंध लगाने वाले को पता है कि यदि उसने सुरक्षा में सेंध लगाया तो अगले चौराहे पर उसे यमराज ही मिलने वाले हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को अजीतमल के जनता महाविद्यालय में आयोजित किसान सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने औरैया में की गई मक्का की खेती का हवाई सर्वे किया।
सीएम योगी ने कहा कि खेतों में मकई की खेती लहलहाते दिल प्रसन्न हो गया। उत्पादन बढ़ाएं, उपज को बाजार मुहैया कराएं। किसान को उसकी उपज का अच्छा दाम दिलवाएं। किसान को समय पर बीज मिले, तकनीक मिले जिससे किसान अपनी खुशहाली से प्रदेश व देश की उन्नति का भागीदार बन सके। सीएम ने कहा कि पहले की सरकारों में गुंडों-माफियाओं को संरक्षण मिलता था। ना बेटियां सुरक्षित थीं, ना व्यापारी। अब अपराधियों में खौफ है। वे जानते हैं कि अगर बेटियों की सुरक्षा में सेंधमारी की अगले चौराहे पर यमराज से ही मुलाकात होगी। आज यूपी में बेटी और व्यापारी दोनों सुरक्षित हैं।
पिछली सरकार जनता से मक्कारी करती थी, हम मक्का उत्पादन को बढ़ाते हैं
सीएम योगी ने कहा कि औरैया विकास के नए पथ पर अग्रसर है। पिछली सरकारें महापुरुषों का अपमान और जनता से मक्कारी करती थीं। भाजपा सरकार मक्का की खेती के उत्पादन को बढ़ाती और महापुरुषों का सम्मान करती है। किसी ने यहां मेडिकल कॉलेज के बारे में नहीं सोचा, लेकिन आज यहां मेडिकल कॉलेज बन चुका है। सपा ने नाम बदल दिया था, लेकिन हमने अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर मेडिकल कॉलेज का नाम रख दिया। सीएम ने अहिल्याबाई होल्कर के कृतित्व व व्यक्तित्व की भी चर्चा की।
चाचा-भतीजे की दृष्टि के कारण विवादित हो जाती थी भर्ती
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछली सरकारों में गुंडे-माफिया हावी थे। नौकरियों पर चाचा-भतीजे की दृष्टि के कारण भर्ती विवादित हो जाती थी। नौजवानों के जीवन से खिलवाड़ होता था। हमने 8 लाख नौजवानों को सरकारी नौकरी दी है। 15 जून को गृह मंत्री के हाथों यूपी पुलिस के 60 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। हमारी सरकार में 2.16 लाख से अधिक भर्ती केवल यूपी पुलिस में की जा चुकी है। पुलिस को टेक्नोलॉजी से जोड़ा गया। 1.60 लाख शिक्षक भर्ती के साथ ही अन्य विभागों में भी पारदर्शी नियुक्ति की गई। कानून व्यवस्था की बेहतर स्थिति से हुए निवेश के कारण 65 लाख युवाओं को नौकरी दी है। ओडीओपी के माध्यम से लगभग दो करोड़ नौजवानों को रोजगार की सुविधा मिली है।
सीएम योगी ने गिनाई औरैया की विकास यात्रा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने औरैया के विकास को भी गिनाया। बोले कि यहां 250 करोड़ से अहिल्याबाई होल्कर मेडिकल कॉलेज का कार्य पूरा हुआ। रिजर्व पुलिस लाइन के लिए 272 करोड़ रुपये उपलब्ध कराया गया। इसका कार्य चल रहा है। औरैया व जालौन को जोड़ने के लिेए यमुना पर 151 करोड़ से ब्रिज का निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय के लिए 24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कृषि विज्ञान केंद्र का कार्य प्रगति पर है। कृषि एक्टेंशन के लिए तीन करोड़ व जिला न्यायालय के लिए 250 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।