आसमान से बरसी आग, भीषण गर्मी से बिलबिला उठे लोग
Jaunpur News - जौनपुर में 11 मई को भीषण गर्मी ने जनजीवन को परेशान कर दिया। सुबह 10 बजे से लेकर अपराह्न 3 बजे तक तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। लोग गर्म हवा और धूप से परेशान होकर छांव की तलाश में रहे।...

जौनपुर, संवाददाता। मई माह के 11 वें दिन रविवार को भीषण गर्मी व उमस से आम जनजीवन बेचैन हो उठा। सुबह 10 बजे से अपराह्न तीन बजे तक मानो आसमान आग बरसा रहा था। लोग दिनभर गर्म पछुआ हवा की त्रासदी झेलते रहे। अधिकतम तापमान 41 तथा न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। भीषण गर्मी व उमस से लोग बिलबिला उठे। सुबह नौ बजे से ही चमड़ी उधेड़ लेने वाली धूप के साथ गर्म हवा चलने लगी थी। गर्म हवा के थपेड़े से व्याकुल राहगीर शहर से लगायत राष्ट्रीय राजमार्ग पर कहीं छांव न होने से तड़फड़ाकर रह गए। सड़क चौड़ीकरण के नाम पर शहर के तिराहे-चौराहों तथा वाराणसी लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर जौनपुर से जिले की सीमा त्रिलोचन महादेव तक एक भी बिरवा नहीं रह गया है जिसके नीचे लोग कुछ देर खड़े हो सकें।
तपिश का आलम यह कि सुबह नौ बजे के बाद घर से निकलने वाले सिर व चेहरे को पूरी तरह गमछा-तौलिया से ढ़के हुए थे। 11 बजे के बाद तो आवश्यक कार्य पड़ने पर ही कोई घर से निकलना चाह रहा था। गर्म हवा के थपेड़ों से दुपहिया वाहन सवारों को अधिक परेशानी हुई। घर से बाहर निकलने वाला हर व्यक्ति छांव खोज रहा था। दिनभर सड़कों पर घूमने वाले छुट्टा पशु भी 11 से पांच बजे के बीच नहीं दिखाई दिए। सूखने लगी है चारे की फसल जौनपुर। पशुओं को हरा चारा खिलाने के लिए बोई गई चरी, बरसीम की फसल सूख रही है। कृषि विज्ञान केन्द्र बक्शा के वरिष्ठ वैज्ञानिक डा.सुरेश कुमार कन्नौजिया ने किसानों को सलाह दी है कि फसलों की बराबर सिंचाई करते रहें। खेत में पानी शाम को लगाएं। दिन में सिंचाई करेंगे तो पानी गर्म होकर फसल को नुकसान पहुंचाएगा। चारा फसल के खेत में नमी बनाए रखें। खेत में नमीं नहीं रहेगी तो चारा पशुओं को नुकसान पहुंचाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।