अन्ना से टकराई बाइक, होमगार्ड जवान की मौत, साथी नाजुक
Jhansi News - झांसी के लुहारी में एक भीषण सड़क हादसे में होमगार्ड जवान रतीराम वर्मा की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों जवान ड्यूटी के बाद घर जा रहे थे जब उनकी बाइक तेज रफ्तार में आवारा...

झांसी/लुहारी, संवाददाता सकरार थाना क्षेत्र में भीषण हादसा हुआ। सोमवार तड़के झांसी-खजुराहो एनएच पर लुहारी के पास तेज रफ्तार बाइक अन्ना मवेशी से टकराई गई। हादसे में झांसी पुलिस लाइन से ड्यूटी के बाद घर जा रहे एक होमगार्ड जवान की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां हालत नाजुक बताई जा रही है। थाना लहचूरा के गांव रोरा निवासी रतीराम वर्मा बेटा साधूराम वर्मा झांसी पुलिस लाइन में होमगार्ड जवान के पद पर तैनात थे। वह तीन महीने बाद रिटायर्ड हो रहे थे। सोमवार तड़के वह ड्यूटी खत्म कर अपने होमगार्ड साथी मऊरानीपुर के गांव मथुपुरा चुरारा निवासी हरजू प्रसाद बेटा रुक्के लाल के साथ घर जा रहे थे।
जैसे ही हरजू बाइक लेकर लुहारी के पास पहुंचे, तभी रफ्तार अधिक होने की वजह से उनका संतुलन बिगड़ गया। बाइक सामने से आ रहे आवारा मवेशी से टकरा गई। टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं पीछे बैठे रतीराम वर्मा सिर के बल गिरे। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जबकि हरजू प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद वहां चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आनन-फानन में राहगीर मदद को दौड़े। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। राहगीरों की मदद से घायल को तुरंत अस्पताल भिजवाया। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी भेज दिया है। थाना प्रभारी सकरार अमीराम सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जांच की जा रही है। मृतक की जेब से मिले कागजात के अनुसार उनके घर पर खबर कर दी गई है। तीन महीने बाद होना था रिटायर्ड झांसी-खजुराहो एनएच पर सोमवार सुबह-सुबह हुए हादसे की खबर जैसे ही गांव रोरा पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़े। लोगों ने बताया कि रतीराम हमेशा बस से ही घर जाते थे। लेकिन, सोमवार को अपने पड़ोस के गांव के साथी होमगार्ड हरजू के साथ बाइक से जाने लगे। उनका तीन महीने बाद रिटायर्डमेंट होना था। लेकिन, इससे पहले हादसे ने उनकी जान ले ली। हेलमेट होता तो बच जानी जान गांव लुहारी के पास हुए हादसे ने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। तेज आवाज हुई और चीख-पुकार मच गई। चश्मदीदों की मानें तो हाइवे पर आवारा मवेशी जमा रहते हैं। अंधेरे की वजह से बाइक चालक और सवार कंफ्यूज हो गए हों। करीब आकर देखा तो एक होमगार्ड मृत अवस्था में पड़े थे। जबकि दूसरे के शरीर से भी काफी खून बह गया था। कोई भी हेलमेट का इस्तेमाल नहीं किए था। अन्यथा जान बच सकती थी। बेटों के सिर से उठा पिता का साया हादसे में एक होमगार्ड की मौत और दूसरे की हालत नाजुक की खबर जैसे ही गांव रोरा और मथुपुरा चुरारा पहुंची तो परिवारों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में ग्रामीण घटना स्थल की तरफ दौड़े। गांव रोरा के रहने वालों की मानें तो रतीराम के तीन बेटे सुरेश, मानवेंद्र और अजय है। वह फूट-फूटकर रो पड़े। जबकि पत्नी अवनी बेहोश हो गई। बताया, रतीराम की मौत के बाद बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।