भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकार पति-पत्नी ने खाया जहर, वीडियो में अफसरों पर संगीन आरोप
यूपी में पीलीभीत की एक नगर पंचायत में भ्रष्टाचार उजागर करने वाले पत्रकार पति-पत्नी ने अफसरों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए जहर खा लिया है।जहर खाने से पहले एक वीडियो भी बनाया। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।

उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में बरखेड़ा थाना क्षेत्र में पत्रकार पति-पत्नी ने गुरुवार को जहर खा लिया। जहर खाने से पहले उन्होंने एक वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट कर जिले के अधिकारियों पर कई संगीन आरोप लगाए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां पत्नी की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। बीसलपुर क्षेत्राधिकारी प्रतीक दहिया ने मीडिया को बताया कि दंपत्ति के जहर खाने के प्रकरण की पुलिस सभी एंगिल से जांच और पूछताछ कर रही है। रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
बरखेड़ा थाना पुलिस के अनुसार इसरार स्थानीय पत्रकार है। इसरार का अपनी पत्नी के साथ एक वीडियो सामने आया है। इसमें इसरार कहते हैं कि वे और उनकी पत्नी आज मजबूर प्रताड़ना से तंग होकर जहर पी रहे हैं। दोनो ने आरोप लगाया कि एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडे, बरखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल और ठेकेदार मोईन ने इतना परेशान किया है कि यह कदम उठाना पड़ा।
वीडियो में बताया कि उन्होंने कुछ दिन पूर्व नगर पंचायत बरखेड़ा में हो रहे भ्रष्टाचार के संबंध में खबर प्रकाशित की थी। जिसका संज्ञान मुख्यमंत्री ने लिया था। इसरार ने कहा कि शिकायत पर घर पहुंची पुलिस ने हमारे ही परिवार को परेशान किया। हम जहर पीकर जान दे रहे हैं। योगी जी हमें इंसाफ मिलना चाहिए। वीडियो में पति-पत्नी जहर पीते भी दिख रहे हैं। दंपती को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पत्नी की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ठेकेदार मोईन हुसैन ने बताया वह नगर पंचायत बरखेडा में पंजीकृत ठेकेदार है और कई वर्षों से निर्माण कार्य करवा रहे हैं, वर्तमान में वार्ड नंबर 9 और 8 में सीसी रोड, नाली निर्माण कार्य चल रहा है। तथाकथित पत्रकार इसरार हुसैन 18 मई को प्रार्थी की साईट पर आया और 15000 की मांग पूरी न करने पर फर्जी न्यूज निकाल देने की धमकी देते हुए गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर चला गया। इसकी शिकायत ठेकेदार ने पुलिस में की थी।
एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडेय ने मीडिया से कहा कि दंपती के वायरल वीडियो की जानकारी पर थानाध्यक्ष बरखेड़ा को जांच करने के लिए कहा गया है। सभी आरोप निराधार हैं, इस तरह का कोई मामला नहीं है। नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल ने मीडिया को अपनी सफाई में बताया कि घटना जानकारी में आई है। हमारा इससे कोई मतलब नहीं है। ठेकेदार से कुछ मांगा होगा, उसने मुकदमा लिखाया है।
परिजनों का आरोप है दोनों ने जहर पी लिया है। इन लोगों को कई दिनों से परेशान किया जा रहा था। एसडीएम बीसलपुर नागेंद्र पांडे, बरखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल और ठेकेदार मोईन लगातार धमकी दे रहे थे। झूठा मुकदमा लिखा दिया। पुलिस भी परेशान कर रही थी। इसलिए इन दोनों ने जहर पी लिया है। इन तीन दोषियों पर मुकदमा लिखा जाए।