दिल्ली पर मई में मौसम मेहरबान, 40°C से नीचे रहा तापमान; 5 साल में तीसरी बार हुआ ऐसा
राजधानी दिल्ली में बीते पांच सालों में यह तीसरा मौका है जब मई का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इस पूरे महीने एक दिन भी लू की स्थिति नहीं बनी। इस बीच, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

राजधानी दिल्ली में बीते पांच सालों में यह तीसरा मौका है जब मई का पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इस पूरे महीने एक दिन भी लू की स्थिति नहीं बनी। इस बीच, शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।मई सबसे ज्यादा तपिश वाला रहता है। इसी महीने में अधिकतम तापमान भी सबसे ज्यादा यानी 39.9 डिग्री सेल्सियस रहता है, लेकिन मौसम की अलग-अलग गतिविधियों के चलते मई में पहले जैसी तपिश नहीं रही है। मौसम विभाग के आंकड़े बताते हैं कि मई का औसत अधिकतम तापमान इस बार 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा है, जो सामान्य से लगभग ढाई डिग्री कम है।
वर्ष 2023 में मई का औसत अधिकतम तापमान 36.9 और 2021 में 37.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। इन तीनों ही साल में एक दिन भी लू की स्थिति नहीं बनी थी। इसकी तुलना में वर्ष 2024 में औसत अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस रहा था और इस महीने में छह दिन ऐसे रहे थे जब लोगों को लू का सामना करना पड़ा। वर्ष 2022 में औसत अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रहा था और लोगों को दो दिन लू की स्थिति का सामना करना पड़ा।
दिनभर छाए रहे बादल, कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी
दिल्ली में सुबह से ही हल्के और घने बादलों की आवाजाही लगी रही। इस दौरान कुछ हिस्सों में हल्के बूंदाबांदी भी हुई। इसके चलते अधिकतम तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। मानक वेधशाला सफदरजंग में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 5.6 डिग्री सेल्सियस कम है। यहां पर न्यूनतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। दिल्ली के रिज इलाके का अधिकतम तापमान सामान्य से 8.1 और आयानगर का अधिकतम तापमान सामान्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
आंधी चलने के आसार
दिल्ली में अभी बादल और बूंदाबांदी का मौसम बना रहेगा। शनिवार को अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। इस दौरान हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रहने की संभावना है। 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के भी आसार हैं।
हवा साफ-सुथरी
मौसम की अलग-अलग परिघटनाओं के चलते दिल्ली की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। केन्द्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, शुक्रवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 167 अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। अगले दो दिनों के बीच वायु गुणवत्ता का स्तर इसी के आसपास रहने के आसार हैं।