कन्नौज में मक्का ढकने गए ग्रामीण की पीट पीटकर की हत्या, चार पर मुकदमा दर्ज
Kannauj News - कन्नौज के खखरियापुर गांव में एक ग्रामीण की मक्का की फसल सुखाने के दौरान चार लोगों ने हत्या कर दी। मृतक के परिजनों ने प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर चार युवकों को...

तिर्वा (कन्नौज) संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के खखरियापुर गांव में रविवार की भोर मक्का की फसल सुखा रहे एक ग्रामीण के साथ चार लोगों ने मारपीट कर हत्या कर दी। जिससे ग्रामीण की मौत हो गई। मौत से गुस्साए परिजनों ने सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। मृतक के पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने चार युवकों के खिलाफ हत्या में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। वहीं पुलिस ने मारपीट के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। खखरियापुर गांव निवासी मनोरमा पत्नी प्रदीप कुमार ने कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि उसके पति प्रदीप कुमार शनिवार की रात में ईशन नदी पुल पर कपूरापुर गांव के निकट मक्का की फसल सुखाने गए थे।
रविवार की भोर में अचानक बारिश होने पर उसके पति मक्का की फसल को ढक रहे थे। वहीं पर उसके जेठ बलवीर सिंह की भी फसल सुख रही थी। उसके पीछे वह भी अपने जेठ की बाइक पर बैठकर फसल को ढकने आई। जब वह पुल के निकट पहुंची, तभी उसने देखा कि अंकित व अमित पुत्र कमल किशोर, रोशन लाल पुत्र नियामत सिंह एवं श्याम सिंह पुत्र रूपलाल निवासीगण सुजानसराय उसके पति के साथ मारपीट कर रहे थे। उसके जेठ के शोर मचाने पर उक्त लोग जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। उक्त लोगों की पिटाई से उसके पति की मौत हो गई। घटना की जानकारी पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क पर जाम लगा दिया। घटना की जानकारी पर तिर्वा कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने के बाद परिजन माने और जाम खोल दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भे दिया। मामले में कोतवाली प्रभारी वीरेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर हत्या में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।