कैंसर अस्पताल व कार्डियोलाजी को लेकर सपाइयों ने किया प्रदर्शन
Kannauj News - तिर्वा, संवाददाता। प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में विफलताओं को लेकर जिले की समाजवादी
तिर्वा, संवाददाता। प्रदेश सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में विफलताओं को लेकर जिले की समाजवादी पार्टी ने बुधवार को मेडिकल काॅलेज के निकट किसान बाजार के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। करीब दो घण्टे तक चले जोरदार प्रदर्शन के बाद सपाईयों ने एकजुट होकर राष्ट्रपति को संबोधित एक पांच सूत्रीय ज्ञापन एसडीएम व सीओ तिर्वा को सौंपा। सपा के जिलाध्यक्ष कलीम खां ने धरने को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार द्वारा सपा के कार्यकाल के दौरान बनाए गए कैंसर अस्पताल व कार्डियोलाॅजी अस्पताल आठ साल के बाद भी शुरू नहीं हो सके हैं। जिस वजह से कन्नौज व आसपास के जिलों के मरीजों को कैंसर व ह्दय रोग के लिए दिल्ली व लखनऊ की दौड़ लगानी पड़ रही है।
मुख्य अतिथि अनिल सिंह ने कहा कि भाजपा विकास की नहीं विद्धेष की राजनीति कर रही है। कन्नौज जनपद में सपा सरकार के दौरान बनाए गए मेडिकल काॅलेेज में मरीजों को बेहतर इलाज नहीं मिल पा रहा है। आईसीयू तथा एनआईसीयू शुरू नहीं हो सके हैं। गंभीर मरीजों को कानपुर व लखनऊ रेफर किया जाता है। मेडिकल काॅलेज रेफर सेंटर बनकर रह गया है। छिबरामऊ प्रभारी सुनैना चौहान ने कहा कि समाजवादी पार्टी के विकास कार्यों को बंद करना जनता के साथ एक धोखा है। गरीबों को जो लाभ मिलना चाहिए, वो नहीं मिल पा रहा है। तिर्वा विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी रहे अनिल पाल का कहना है कि भाजपा सरकार का भ्रष्टाचार मेडिकल कालेज के सिस्टम को निगल रहा है। यहां दलालों व कर्मचारियों का गठजोड़ सक्रिय है। बरिष्ठ सपा नेता जयकुमार तिवारी व प्रदेश सचिव आकाश शाक्य ने कहा कि मेडिकल काॅलेज में बने आडिटोरियम का दुरूपयोग आए दिन भाजपा नेता अपनी निजी बैठकों के लिए कर रहे हैं। इस मौके पर पूर्व विधायक कल्यान सिंह दोहरे, विधानसभा अध्यक्ष शरद यादव, सदर विधानसभा अध्यक्ष प्रबल प्रताप सिंह, जिला प्रवक्ता विजय द्विवेदी, यश कुमार दोहरे, हुकुम सिंह यादव, शिवेन्द्र सिंह चैहान, अंशू पाल, राजेश पाल, श्याम सिंह यादव, दीपू चैहान, गुलामुद्दीन, इन्द्रेश यादव, कंचन कनौजिया, अंगुरी दाहरिया, बजरंग सिंह चैहान, अरूण बघेल, देवेन्द्र प्रताप सिंह समेत सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे। धरने के बाद सपाईयों ने एकजुट होकर धरना स्थल पर पहुंचे एसडीएम अशोक कुमार व सीओ प्रियंका बाजपेई को पांच सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।