101 ध्रुपद गायकों ने किया नूतन वर्ष का स्वागत
Kanpur News - 101 ध्रुपद गायकों ने किया नूतन वर्ष का स्वागत 101 ध्रुपद गायकों ने किया नूतन वर्ष का स्वागत

कानपुर। भारतीय नव वर्ष यानी विक्रम संवत् 2082 का रविवार को रवि दर्शन से पूर्व ही गंगा बैराज स्थित अटल घाट पर संगीतमय अद्भुत स्वागत किया। कानपुर स्कूल्स वेलफेयर एसोसिएशन के इस भावपूर्ण समारोह में 121 बटुकों ने भगवान भास्कर का मंत्रोच्चारण कर आह्वान किया। राष्ट्रपति से सम्मानित ध्रुपद गायक पंडित विनोद द्विवेदी और भजन गायिका मनीष सिंह राजावत की स्वर लहरियों ने मन प्रफुल्लित कर दिया। प्रात:काल अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ध्रुपद गायक पंडित विनोद कुमार द्विवेदी व आयुष द्विवेदी ने अपने 101 शिष्यों के साथ भगवान भास्कर का आह्वान ध्रुपद शैली में सूर्य मंत्र के माध्यम से किया। भगवान भास्कर के प्रकट होते ही शंख ध्वनि एवं नासिक से आए हुए वाद्ययंत्र ढोल के साथ जल स्तुति (सूर्य को अर्घ्य देकर) किया गया।
ध्रुपद धारा की गरिमा पूर्ण प्रस्तुति 101 ध्रुपद के कलाकारों ने राग अहीर भैरव में नव संवत्सर पर ध्रुपद मंगल शुभ पावन नूतन वर्ष आज, राज मालकौंस में शंकर हर हर राग चारुकेशी में राजा रामचंद्र, राग भैरवी में माता भैरवी त्रिपुरा और राग कलावती में ओम नमो भगवते वासुदेवाय प्रस्तुत कर सभी को भाव विभोर कर दिया।
पखावज (मृदंग) में पुणे से मनोज सोलंके तथा शंकर वीणा पर वाराणसी से निर्मल सैनी संगत में उपस्थित रहे। इसस पहले कभी 101 ध्रुपद गायक एक साथ एक मंच पर इस तरीके से गाते हुए नहीं दिखे हैं। इसे एक विश्व रिकॉर्ड माना जा रहा है। मां गंगा की आरती शिव तांडव और मां स्तुति नृत्य के साथ की गई। सुबह चार बजे से ही बुजुर्ग और युवा घाट पर पहुंच गए थे। नव वर्ष आगमन पर एक दूसरे को बधाई दी।
प्रातः इतनी संख्या में गंगा तट पर एकत्र होना भारतीय संस्कारों एवं परंपरा की सुखद अनुभूति का आभास कराता है। संस्था के संरक्षक डॉ. संजय कपूर ने मेहमानों का आभार जताया। एसोसिएशन के अध्यक्ष अजित अग्रवाल, महामंत्री पं. कृष्ण कुमार दुबे मुन्ना दुबे, कोषाध्यक्ष प्रतीक श्रीवास्तव, श्री अमरनाथ, आशीष सचान, विनय आनंद, अनूप जैन, गुड्डन दीक्षित, सीमा जैन, मनोज चौरसिया, उपेंद्र यादव, सौरभ श्रीवास्तव, दिव्यांश मिश्रा, अजय कुमार दुबे, वरुण त्रिपाठी, कमल श्रीवास्तव, उत्कर्ष गुप्ता, अनुज पांडे आदि लोगों की सहभागिता रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।