पोखरे की खुदाई में 50 मजदूरों की हाजिरी, मौके पर एक भी नहीं
Kushinagar News - कुशीनगर के सरगटिया गांव में मनरेगा के तहत सार्वजनिक पोखरे की खुदाई का निरीक्षण करने पहुंचे बीडीओ आरके सेठ और पीओ अरविंद कुशवाहा को वहां कोई मजदूर नहीं मिले। पोर्टल पर 50 मजदूरों की हाजिरी दर्शाई गई...
कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया ब्लॉक के सरगटिया गांव में मनरेगा से हो रहे सार्वजनिक पोखरे की खुदाई कार्य का बीडीओ आरके सेठ व पीओ अरविंद कुशवाहा ने निरीक्षण किया। मौके पर कोई मजदूर व मेठ नहीं मिले। गंभीर बात यह है कि पोर्टल पर 50 मजदूरों की हाजिरी लगायी गयी है। इस पर नाराजगी जताते हुये एडीओ पंचायत, सचिव व महिला मेठ को नोटिस जारी कर दो दिवस के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। सरगटिया गांव में मनरेगा से सार्वजनिक पोखरे की खुदाई कार्य चल रहा है। इस कार्य में महिला मेठ द्वारा 50 श्रमिकों की हाजिरी पोर्टल पर अपलोड किया गया था।
इसके लिये लगभग 80 लाख का भुगतान भी विभाग द्वारा किया जा चुका है। खुदाई कार्य की जमीनी हकीकत जानने बुधवार को बीडीओ और पीओ मौके पर पहुंचे। लेकिन पोखरे के पास ना ही कोई मजदूर कार्य करता मिला और ना ही महिला मेठ मिली। उन्होंने मेठ के मोबाइल पर सम्पर्क करने की कोशिश की तो उनका फोन रिसीव नहीं हुआ। इसपर उन्होंने नाराजगी जताते हुये एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव व महिला मेठ को नोटिस जारी कर दो दिवस के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। समय पर नोटिस का जवाब नहीं देने पर कार्रवाई की भी चेतावनी दी गयी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।