चौबीस घंटे में सिर्फ आठ घंटे मिल रही बिजली, उपभोक्ता परेशान
Kushinagar News - दुदही क्षेत्र में उपभोक्ताओं को गर्मी के मौसम में अनियमित विद्युत कटौती का सामना करना पड़ रहा है। 18 घंटे की जगह केवल 8 से 10 घंटे बिजली मिल रही है। उपकेंद्र पर अतिरिक्त दबाव के कारण फाल्ट और ट्रिपिंग...

दुदही, हिन्दुस्तान संवाद। गर्मी से परेशान उपभोक्ताओं को अनियमित विद्युत कटौती अब भारी पड़ने लगी है। 18 घंटे की बजाय मात्र आठ से दस घंटे बिजली मिल रही है। इससे उपभोक्ता परेशान हैं। दुदही क्षेत्र में बेहतर बिजली आपूर्ति के लिए बहपुरवा में 33/11 केवीए का उपकेंद्र है। इस उपकेंद्र के सहारे 30 हजार घरेलू उपभोक्ता, एक हजार कामर्शियल, 80 पॉवर कनेक्शन तथा 40 ट्यूबवेल को बिजली आपूर्ति की जाती है। वैसे तो दुदही के लिए 18 घंटे बिजली आपूर्ति का आदेश है, लेकिन वर्तमान में आठ से दस घंटे आपूर्ति भी बमुश्किल मिल पा रही है। अच्छा खासा राजस्व देने वाला यह उपकेंद्र उपेक्षा का शिकार हो गया है।
उपभोक्ताओं को मानक के अनुरूप आपूर्ति नहीं मिलने के साथ ही दिन भर में आधा दर्जन बार ट्रिपिंग, फाल्ट और लो वोल्टेज उपभोक्ताओं के आक्रोश में रोजाना इजाफा कर रहा है। बीते दिनों उपभोक्ताओं ने बैठक कर आंदोलन की रणनीति बनाई थी। बिजली निगम से मिले आश्वाशन के बाद लोग मान गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। समस्या जस की तस बनी हुई है। इमरजेंसी रोस्टिंग, ओवरलोड की बात कहते हुए हो रही बेतहाशा कटौती इस भीषण गर्मी में महिलाओं, बच्चों तथा दुकानदारों पर भारी पड़ रही है। इस अनियमित व्यवस्था को लेकर लोगों में खासा आक्रोश व्याप्त हैं। सहायक अभियंता गौरव वर्मा बताते हैं उपकेंद्र पर पांच एमवीए का अतिरिक्त दबाव होने के चलते प्रतिदिन फाल्ट और ट्रिपिंग की समस्या खड़ी हो रही है। सबके बावजूद बेहतर सुविधा का प्रयास जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।