विश्व अपना रहा योग, इसे दिनचर्या में शामिल करें लोग : दयालु
Lucknow News - लखनऊ, संवाददाता। आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने योग सप्ताह की शुरुआत में कहा

लखनऊ, संवाददाता। आयुष मंत्री दयाशंकर मिश्र दयालु ने योग सप्ताह की शुरुआत में कहा कि लोग योग को अपनी दिनचर्या में जरूर शामिल करें। आज देश ही नहीं, विश्व में लोग योग के महत्व को समझ रहे हैं। यही वजह है कि 177 देशों में भी लोग योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना रहे हैं। वहां हर साल योग का आयोजन किया जा रहा है। आज प्रदेश ही नहीं भारत में शहर से लेकर गांव तक लोग योग को अपना रहे हैं। चंद मिनटों के योग से लोग शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहते हैं। टूड़ियागंज स्थित राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर के सभागार में 11वें अंतरराष्ट्रीय योग सप्ताह की शुरुआत मुख्य अतिथि आयुष मंत्री दयालु, विशिष्ट अतिथि मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह, आयुष के प्रमुख सचिव रंजन कुमार, महानिदेशक आयुष मानवेंद्र कुमार सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर की।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. माखनलाल और चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अतिथियों ने ई आयुष पत्रिका का विमोचन किया। इस बार की थीम एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य के लिए योग है। आयुर्वेद में हर बीमारी का इलाज दयालु ने कहा कि आयुर्वेद की जड़ें वेदों से निकलती हैं। आयुर्वेद में हर बीमारी का इलाज बिना किसी साइड इफेक्ट के किया जा सकता है। अष्टांग योग के प्रणेता महर्षि पतंजलि एवं उनके गुरु पाणिनि की जन्मस्थली उप्र. है। खेलों के बाद योग ही ऐसी विधा है, जिसमें इतनी अधिक संख्या में लोग पूरे देश में एक दिन में एक साथ एक मंच पर उपस्थित होते हैं। कहा कि स्कूलों, महाविद्यालयों, ग्राम पंचायतों अमृत सरोवरों के किनारे और अस्पताल परिसर सब जगह योग का अभ्यास किया जाएगा। योग हमारी धरोहर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने कहा कि योग हमारे शरीर, मन व हमारी आत्मा तीनों को सक्रिय करता है। आज विश्व में अनेक बीमारियां फैल रही हैं। डायबिटीज हाइपरटेंशन जैसी बीमारियों से आज हर तीसरा, चौथा व्यक्ति पीड़ित है। इसका निदान योग से संभव है। प्रमुख सचिव रंजन कुमार ने कहा के योग हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जो पूरे विश्व को एक मंच पर आने का अवसर भी प्रदान करता है। एक जून से राजभवन में रोजाना योगाभ्यास किया जा रहा है, जो 20 जून तक चलेगा। इस बार गर्भवतियों के लिए विशेष योग का आयोजन किया जाएगा। मास्टर ट्रेनिंग की मदद से प्रशिक्षण की व्यवस्था भी की जा रही है, जिससे कि अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ा जा सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।