युवती को पीटा और कपड़े फाडे, मां की अंगुली में दांत से काटा
Lucknow News - काकोरी के विश्वेश्वर खेड़ा में एक युवती को नल पर पानी भरने के विवाद में दबंगों ने पीटा। युवती के बचाव में मां आईं, तो उन पर भी हमला किया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप...

काकोरी के विश्वेश्वर खेड़ा में दबंगों ने नल पर पानी भरने के विवाद में एक युवती को जमकर पीटा। वह भागी तो घर के अंदर घुसकर पीटा और कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर मां बचाव में दौड़ी तो उसके हाथ की अंगुली में दांत से काट लिया। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उधर, आरोपित संतोष कनौजिया की पत्नी ने युवती के भाई, पिता और अन्य पर मारपीट, गालीगलौज और लूट का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। युवती शुक्रवार शाम मोहल्ले में लगे नल पर पानी भरने गई थी। पीड़िता का आरोप है कि तभी मोहल्ले का ही प्रिंस कनौजिया आ गया और उसने पानी भरने का विरोध किया।
साथ ही गालीगलौज करने लगा। शोर सुनकर उसके पिता संतोष कनौजिया भी आ गए। उन्होंने पीटना शुरू कर दिया। बचाव में भागी तो दोनों घर के अंदर घुस आए। जमकर पीटा और कपड़े फाड़ दिए। शोर सुनकर मां बचाने दौड़ी तो उसकी अंगुली में दांत से काट लिया। आस-पड़ोस के लोग दौड़े तो दोनों भाग निकले। भागते समय दोनों गले से सोने की चेन भी तोड़कर ले गए। पीड़िता के मुताबिक घटना के समय उसके पिता और भाई काम पर गए थे। सूचना पर दोनों पहुंचे तो अस्पताल लेकर गए। इलाज के बाद हालत सामान्य होने पर रविवार को काकोरी थाने में तहरीर दी। इंस्पेक्टर काकोरी ने बताया कि दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। संतोष कनौजिया की पत्नी राजरानी ने भी युवती के भाई, पिता और अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। राजरानी का आरोप है कि युवती के भाई और पिता ने उन्हें भी जमकर पीटा। जातिसूचक गालियां दीं। सोने की चेन लूट ली। दोनों ओर से दर्ज मुकदमे की जांच की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।