नरही और लालकुआं में नहीं सुधर रही गंदे पानी की आपूर्ति
Lucknow News - हजरतगंज के नरही और लालकुआं इलाके में गंदे पानी की जलापूर्ति जारी है। जलकल विभाग ने निरीक्षण कर पानी के नमूने लिए, लेकिन सुधार नहीं दिखा। लोग गर्मी में दूर दराज से पानी लाने को मजबूर हैं। अधिकारी...

शहर के सबसे प्रमुख इलाके हजरतगंज के नरही और लालकुआं इलाके में गंदे पानी की जलापूर्ति निरंतर जारी है। जलकल विभाग की टीमों ने इलाकों में गंदे पानी की आपूर्ति को दुरूस्त करने के लिए निरीक्षण किया। पानी के नमूने लिए। लोगों को दूषित जलापूर्ति में सुधार के दावे भी किए, लेकिन इलाकों में बहुत अधिक सुधार नहीं दिखा है। अभी भी दूषित जलापूर्ति होने से लोग इस भीषण गर्मी में दूर दराज इलाकों में लगी सबमर्सिबल वाली टंकियों से पानी भरकर लाने को मजबूर हैं। रामतीर्थ वार्ड के तहत नरही के कई मोहल्लों में जलापूर्ति में सुधार नहीं हुआ है।
जलकल जोन एक की ओर से मीराबाई मार्ग स्थित भूमिगत जलाशय की सफाई का कार्य शुरू किया गया है। इस वजह से गुरुवार को नरही, पार्क रोड, हजरतगंज आंशिक और शाहनजफ रोड व आसपास इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित रही। रामतीर्थ वार्ड के सुभाष श्रीवास्तव के मुताबिक पूरे इलाके में दूषित जलापूर्ति हो रही है। गुरुवार को भी गंदा पानी आया। नरही के शिवशंकर शर्मा ने बताया कि गंदा पानी सेठ रामजस रोड, काली निवास, डॉक्टर तुफैल अहमद मार्ग, राधा कृष्ण मंदिर, पारसी अंजुमन, राम शंकर बाजपेई लेन, 54 नम्बर कोठी, बलदा कॉलोनी, तकिया मस्जिद नरही, हरनाम सिंह लेन और उसके आसपास लगातार गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। गुरुवार को भी दूषित जलापूर्ति हुई। बहुत ही कम समय के लिए कम दबाव में पानी आया। सोनू शुक्ला ने बताया कि जलकल की टीम ने इलाके में पहुंचकर पानी के नमूने लिए। नमूना लेने के बाद भी आज तक पानी में सुधार नहीं हुआ है, जबकि इलाके में दूषित जलापूर्ति की शिकायत मंत्री से लेकर नगर निगम के अफसरों तक की जा चुकी है। प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने भी करीब 20 दिन पहले आए थे। मंत्री के दौरे के बाद भी सुधार नहीं हुए। लालकुआं में जलकल जोन एक के एक्सईएन यूके राय व उनकी टीम ने बुधवार सुबह निरीक्षण किया। फिर पानी के नमूने इकट्ठा किए। लोगों को आश्वस्त किया कि पानी में सुधार होगा। पर, गुरुवार को भी पानी की आपूर्ति में बहुत अधिक सुधार नहीं हो सकता है। पानी में बदबू व पीलापन है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पूरे इलाके में सीवर सफाई सही से नहीं हुई है। पुरानी पाइप लाइनें पड़ी हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।