गुणवत्ता सुधारने को इंजीनियरिंग कॉलेजों की होगी ग्रेडिंग
Lucknow News - - पढ़ाई की गुणवत्ता बढ़ाने पर दिया जा रहा जोर - अच्छे इंस्टीट्यूट दूसरे संस्थानों

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता सभी राजकीय व निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की ग्रेडिंग कराई जाएगी। पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार के लिए सभी संस्थानों को ग्रेड दिया जाएगा। अच्छे इंस्टीट्यूट को अपने जिले के दूसरे संस्थानों का मेंटर बनाया जाएगा। यह दूसरे इंजीनियरिंग कॉलेजों का मार्गदर्शन क्वॉलिटी में सुधार के लिए करेंगे। अच्छे संस्थानों के नव प्रयोगों को दूसरे संस्थानों में भी लागू किया जाएगा। विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिले इस पर पूरा जोर दिया जा रहा है। प्राविधिक शिक्षा विभाग गुणवत्तापरक शिक्षा दिलाने के लिए यह प्रयास कर रहा है। सरकारी व निजी इंजीनियरिंग कॉलेजों की ग्रेडिंग उनके यहां मूलभूत संसाधनों, परीक्षा परिणाम, संस्थान में किए जा रहे रिसर्च व नव प्रयोग, शिक्षकों के उल्लेखनीय कार्यों और प्लेसमेंट इत्यादि के मानकों की कसौटी पर कसा जाएगा।
विशेषज्ञों की टीमें संस्थानों का निरीक्षण कर उन्हें इन मानकों की कसौटी पर कसेंगे। संस्थानों को ए, बी, सी व डी ग्रेड उनके प्रदर्शन के आधार पर दिया जाएगा। जो अच्छे संस्थान होंगे उन्हें अपने जिलों के खराब प्रदर्शन वाले इंजीनियरिंग कॉलेजों का मार्गदर्शन करेंगे और गुणवत्ता में सुधार का प्रयास किया जाएगा। बेस्ट प्रैक्टिसेज को लागू कर इन संस्थानों के ग्रेड में सुधार की कोशिश की जाएगी। डिग्री हासिल करने के बाद विद्यार्थियों का बेहतर प्लेसमेंट कराए जाने पर फोकस किया जाएगा। ................... इंजीनियरिंग कॉलेजों के प्रदर्शन को आंकने के लिए ग्रेडिंग व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक शिक्षा मिले और डिग्री पाने के बाद उन्हें बेहतर रोजगार मिले इसके लिए इंजीनियरिंग कॉलेजों में सुधार के सभी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं। आशीष पटेल, प्राविधिक शिक्षा मंत्री
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।