पोलार्स ग्रुप के फ्लैटों का मूल्यांकन शुरू, नीलामी से वसूलेंगे बकाया
Lucknow News - रेरा के बकाए पर निर्मला इंफ्राबिल्ड का परिसर सील लखनऊ। प्रमुख संवाददाता रियल एस्टेट नियामक

रेरा के बकाए पर निर्मला इंफ्राबिल्ड का परिसर सील लखनऊ। प्रमुख संवाददाता रियल एस्टेट नियामक रेरा का बकाया वसूलने के लिए प्रशासन की टीम ने 10 दिनों में चौथी बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम सदर और उनकी टीम ने निर्मला इनफ्राबिल्ड के अपार्टमेंट परिसर को सील कर दिया। इस बिल्डर पर दो करोड़ 49 लाख रुपये की आरसी बकाया है। वहीं, पोलार्स बिल्डर के फ्लैटों का मूल्यांकन शुरू हो गया है। पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंताओं की संयुक्त टीम ने कुर्क किए फ्लैटों की नीलामी के लिए यह कार्य शुरू किया है। इसके बाद नीलामी प्रक्रिया के जरिए बकाया वसूला जाएगा। पोलार्स बिल्डर पर दो करोड़ पांच लाख रुपये की आरसी बकाया है।
दो दिन पहले प्रशासन ने सहारा प्राइम सिटी का दफ्तर प्रशासन ने सीज किया था। बिल्डर पर 11 करोड़ रुपये बकाया है। जिला प्रशासन के अनुसार काफी समय से नोटिस भेजी जा रही हैं लेकिन किसी का जवाब नहीं दिया, न ही बकाए का भुगतान किया। सहारा प्राइम सिटी पर रेरा की 33 आरसी लम्बित हैं। कपूरथला स्थित सहारा के दफ्तर पहुंची प्रशासन की टीम ने कीमती लक्जरी गाड़ी पर भी नोटिस चस्पा कर के उसको अपने कब्जे में लिया हुआ है। पांच दिन पूर्व प्रशासन ने बकाए पर तुलसियानी समूह का गोमती नगर स्थित दफ्तर सीज कर दिया था। समूह पर 62 करोड़ रुपये बकाया है। तुलसियानी समूह के खिलाफ प्रशासन ने 84 वसूली प्रमाणपत्र के नोटिस जारी किए। बावजूद इसके बिल्डर ने मात्र 81 लाख रुपये का आंशिक भुगतान किया। जिला प्रशासन के अनुसार कई नोटिसों के बावजूद ज्यादातर बिल्डरों की ओर से टालमटोल की जा रही है। ऐसे में अब सख्ती शुरू की गई है। इससे पहले प्रशासन ने वसुंधरा प्रापर्टीज, जेजे मोटल्स और निर्मल इंफ्रास्ट्रक्चर और पोलार्स इंफ्रास्ट्रक्चर की संपति सीज की है। प्रशासन को करीब 75 बिल्डरों से 194 करोड़ की वसूली करनी है। अब तक प्रशासन ने इसमें से 70 करोड़ से अधिक का बकाया जमा हो चुका है। बड़े बकाएदारों में वसुंधरा लोटस इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड पर भी तीन करोड़ 40 लाख रुपये शेष हैं। इस बिल्डर को 53 आरसी जारी की गई लेकिन जमा सिर्फ 23 लाख रुपये किए गए हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।