लखनऊ में पारा 42.4 पर पहुंचा, कल आसमान से बरसेगी आग
Lucknow News - लखनऊ में गुरुवार को तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री ऊपर 42.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में और भीषण गर्मी का अनुमान लगाया है। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.6 डिग्री...

लखनऊ में गुरुवार को पारा सामान्य से 2.6 डिग्री ऊपर 42.4 पर पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। तापमान 44 डिग्री सेल्सियस या इसके ऊपर जा सकता है। अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार फिलवक्त प्रदेश में कोई भी प्रभावी मौसमी परिस्थिति सक्रिय नहीं है जो तापमान पर अंकुश लगाए। सतही स्तर पर आ रही गर्म पछुआ हवा ने तापमान बढ़ाना शुरू कर दिया है। इसी वजह से जहां दिन का तापमान तेजी से बढ़ा वहीं, रात का न्यूनतम तापमान 26.2 दर्ज किया गया। यह सामान्य से 1.6 डिग्री ज्यादा रहा।
दिन में तेज धूप और गर्म हवा से धरती की सतह, इमारतें तपने लगीं। छाया में खड़े लोगों को भी गर्म हवा परेशान कर रही थी। दो पहिया, तिपहिया पर चलने वालों के लिए गर्मी बर्दाश्त से बाहर हुई जा रही थी। एक से ढाई बजे के बीच कई प्रमुख मार्गों पर दो पहिया वाहनों की आवाजाही कम हो गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को तपिश और ज्यादा परेशान करने वाली है। रेगिस्तानी इलाकों से हो कर आ रही गर्म हवा लखनऊ समेत आसपास के जिलों में लू की स्थिति ला सकती है। इससे तापमान तेजी से बढ़ेगा। वहीं, 17 मई से पुरवा हवा के प्रभावी होने की उम्मीद है। इससे प्रदेश के तराई, पूर्वी हिस्सों में तापमान थोड़ा नीचे आ सकता है। वहीं, लू की चेतावनी का दायरा 18 मई तक रखा गया है। दो दिन रात में बेचैन करने वाली गर्मी अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार कुछ इलाकों में रात का तापमान भी बढ़ने का पूर्वानुमान है। ऐसे में शुक्रवार और शनिवार को उष्ण रात्रि यानी बेचैन करने वाली रात की स्थिति हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह स्थिति मानव दिनचर्या पर प्रभाव डालती है। खुद का रखें ध्यान, रहें सावधान- - दोपहर के समय लम्बे समय तक गर्मी के संपर्क में आने से बचें - हल्के, ढीले, हल्के रंग के, पूरे सूती कपड़े पहनें, धूप में जाते समय सिर को ढंकें - शरीर में पानी की कमी न होने दें, ओआरएस, लस्सी, नींबू पानी, छाछ आदि पीएं - दोपहर और शाम से पहले मेहनत वाले कठिन कार्य करने से बचें - हीट स्ट्रोक, हीट रैश या हीट ऐंठन के लक्षणों को पहचानें, डॉक्टर को दिखाएं - इस स्थिति में कमजोरी, चक्कर आना, सिरदर्द, मतली जैसे लक्षण होते हैं - शराब, चाय, कॉफी और कार्बनिटेड शीतल पेय से बचें - उच्च प्रोटीन वाले भोजन से बचें और बासी भोजन न करें - पार्क किए गए वाहनों में बच्चों या पालतू जानवरों को न छोड़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।