गोरखपुर और अम्बेडकर नगर में बिजली गिरने से तीन की मौत
Lucknow News - प्रदेश में तपिश का सिलसिला कम हुआ। पूर्वी यूपी में आंधी और बूंदाबांदी हुई, जिससे गोरखपुर और अम्बेडकर नगर में तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग ने 15 जून के बाद बारिश और 17 जून से मानसून के सक्रिय...

प्रदेश में तपिश का सिलसिला शुक्रवार को थोड़ा कमजोर पड़ा। पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हुई। इस दौरान गोरखपुर और अम्बेडकर नगर में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। मौसम विभाग के अनुसार बदली-बारिश का सिलसिला धीरे-धीरे बढ़ता जाएगा। लखनऊ समेत अधिसंख्य जिलों में 15 जून के बाद बारिश का पूर्वानुमान है। साथ ही 17 तारीख से बिहार में मानसून के सक्रिय होने की भूमिका बननी शुरू हो गई है। ऐसे में मानसूनी फुहारें यूपी को भी भिगोएंगी। अमौसी स्थित प्रदेश के मौसम मुख्यालय के अनुसार हवा के मध्य क्षोभमंडल में आ रहे पश्चिमी विक्षोभ तथा निचले क्षोभ मंडल में राजस्थान से मराठवाड़ा तक एक ट्रफ लाइन बनी है।
यह पुरवा हवा को रोक रही है। इसके बावजूद प्रदेश में छुटपुट वर्षा शुरू हो गई है। पूर्वानुमान है कि 15 जून से वर्षा में बढ़ोतरी होगी। साथ ही 17 जून से पूर्वी उत्तर प्रदेश में जबकि 19 जून से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा होने की संभावना है। शुक्रवार को बुन्देलखण्ड के आस-पास के इलाकों समेत सूबे के अन्य कुछ जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गोरखपुर में धूप-बदली गोरखपुर-बस्ती मंडल में भीषण गर्मी के बीच सुबह धूप-बदली का सिलसिला चला। दोपहर बाद बादल छा गए। कहीं बूंदाबांदी तो कहीं तेज हवा के साथ बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। संतकबीरनगर में आंधी-बारिश के बीच बिजली गिरने से खेत से लौट रही एक महिला की मौत हो गई। गोरखपुर में 4.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। दिन का अधिकतम तापमान 38.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक है। रात का तापमान 29.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक है। अम्बेडकरनगर में दो लोगों की जान गई अम्बेडकरनगर में दोपहर बाद मौसम अचानक बदल गया। तेज आंधी के साथ बादलों के गरजने की आवाज सुनाई देने लगी। इस दौरान आलापुर तहसील और थाना क्षेत्र के सराय हैबत निवासी सब्जी विक्रेता राकेश कुमार मौर्य (40) पुत्र उमाशंकर बिजली गिरने की चपेट में आ गए। वह घर के सामने मोबाइल पर बात कर रहे थे। इस दौरान गिरी बिजली से राकेश गम्भीर रूप से झुलस गए। अचेतावस्था में उन्हें चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं आलापुर तहसील के और जहांगीरगंज थाना क्षेत्र के गनपतपुर में घर के सामने खेल रही प्राची (8), पुत्री अमरजीत तेज कड़क के साथ गिरी बिजली की चपेट में आने से गम्भीर घायल हो गई। आनन-फानन में परिजन प्राची को जहांगीरगंज के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने प्राची को मृत घोषित कर दिया। मौसम में हुए बदलाव से जिले में दर्जनों स्थानों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हुआ। आगरा से लेकर प्रयागराज तक तपिश ने बेहाल किया आगरा सबसे गर्म शहर रहा जहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी में 44.9, बांदा में 44.6, कानपुर आईएएफ में 44.5, हमीरपुर में 44.2, उरई में 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वाराणसी बीएचयू में 43.4 डिग्री तो लखनऊ में 41.9 डिग्री तापमान रहा। प्रयागराज में 43.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रयागराज में लगातार 44 डिग्री के आसपास तापमान बने रहने से लोग बेहाल हैं। यहां न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता अधिकतम 29 फीसदी रही। न्यूतनम तापमान व आर्द्रता की वजह से दिनभर और रात में भी उमस बनी रही। शनिवार को उमस भरी गर्मी से राहत के आसार नहीं हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।