लखनऊ में महिला समेत पांच की अचानक मौतें
Lucknow News - शहर के विभिन्न इलाकों में 24 घंटे के अंदर महिला समेत पांच शव मिले हैं। इनमें से एक की पहचान नहीं हो सकी है। शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा। शुक्रवार को भी अलग-अलग स्थानों पर सात शव मिले थे। संध्या की...

शहर के अलग- अलग इलाके में 24 घंटे के अंदर महिला समेत पांच लोगों के शव मिले। इनमें से एक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शवों को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किसी की भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। शुक्रवार को भी शहर में अलग-अलग जगह सात लोगों के शव मिले थे। गोसाईंगंज के बल्दीखेड़ा निवासी शशांक वर्मा पत्नी संध्या (22) और सात माह की बिटिया के साथ बाराबंकी के बांदीपुर स्थित ससुराल गए थे। शुक्रवार को वापसी में दोपहर करीब तीन बजे गोसाईंगंज के महुरा कला पहुंचे थे, तभी संध्या अचानक गश खाकर बाइक से गिर गईं।
संध्या के सिर में गंभीर चोट आ गई। वहीं, बच्ची को मामूली चोट आई। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने आनन- फानन में दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां संध्या की मौत हो गई। बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। संविदा कर्मी की अचानक तबीयत बिगड़ी, मौत आशियाना पावर हाउस में संविदा पर तैनात लाइनमैन सोनू (40) की तबीयत शुक्रवार को ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ गई। साथी उन्हें लोकबंधु अस्पताल ले गए। जहां उनकी मौत हो गई। बंगलाबाजार निवासी मोनू के मुताबिक भाई सोनू आशियाना पावर हाउस पर संविदा पर कार्यरत थे। मोनू ने बताया कि सोनू की शुक्रवार को नाइट ड्यूटी थी। शाम चार बजे वह ड्यूटी के लिए निकला था। रात नौ बजे उन्होंने फोन मिलाया तो उसका फोन नहीं उठा। आधे घंटे बाद सोनू के साथी कर्मचारी ने भतीजे यश को फोन कर बताया कि सोनू की तबियत खराब हो गई है। उसे लोकबंधु अस्पताल ले जा रहे हैं। वह लोग भागकर अस्पताल पहुंचे तब तक सोनू की मौत हो चुकी थी। सोनू का पत्नी से कई वर्ष से अलगाव चल रहा है। इंस्पेक्टर आशियाना के मुताबिक तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोस्त के घर पर दवा व्यापारी की मौत इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे के पास दोस्त के घर पर रह रहे दवा व्यापारी अतुल किचलू (58) की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिवार वालों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। मड़ियांव के श्रीनगर कॉलोनी निवासी भाई शिव मोहन किचलू ने बताया कि अतुल मुंबई में दवा का व्यापार करते थे। पत्नी से उनका कई वर्ष पहले तलाक हो चुका है। एक महीने पहले अतुल मुंबई से लखनऊ आए थे। कुछ दिन से वह जानकीपुरम स्थित अपने दोस्त के यहां रह रहे थे। शुक्रवार को अतुल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उन्हें सिविल अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर जानकीपुरम के मुताबिक परिवार वालों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सड़क किनारे मिला अधेड़ का शव श्रृंगारनगर में शुक्रवार को सड़क किनारे संजय त्रिपाठी (55) का शव मिला। श्रृंगारनगर निवासी संजय त्रिपाठी हाईकोर्ट की लाइब्रेरी में प्राइवेट काम करते थे। संजय शुक्रवार को किसी काम से निकले थे। घर से कुछ दूरी पर सड़क किनारे वह मृत हालत में मिले। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने लोकबंधु अस्पताल भेजवाया। जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परिवार में पत्नी निशा त्रिपाठी व दो बेटियां थी। इंस्पेक्टर आलमबाग के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सड़क किनारे मिला रिक्शा ड्राइवर का शव श्रीराम टावर के पास शनिवार के रिक्शा ड्राइवर का शव मिला। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई। इंस्पेक्टर हजरतगंज के मुताबिक शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।