परिवहन निगम कर्मियों ने डग्गामार बसों के खिलाफ प्रदर्शन किया
Lucknow News - लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। परिवहन निगम के कर्मचारियों ने मंगलवार को डग्गामार बसों के खिलाफ

लखनऊ, वरिष्ठ संवाददाता। परिवहन निगम के कर्मचारियों ने मंगलवार को डग्गामार बसों के खिलाफ कैसरबाग स्थित अवध डिपो कार्यशाला व बस स्टेशन पर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि डग्गामार बसों के कारण रोडवेज को यात्री नहीं मिल रहे हैं। अधिकारी कम लोड फैक्टर का हवाला देकर कर्मचारियों से ही कटौती करते हैं। अब इसको बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
सेंट्रल रीजनल वर्कशॉप कर्मचारी संघ के प्रांतीय सदस्य मीसम जैदी ने बताया कि लखनऊ में आलमबाग, कैसरबाग और कमता बस स्टेशन के सामने धड़ल्ले से प्राइवेट गाड़ियां सवारी भर रहीं हैं। पुलिस के सामने यह खुला खेल चल रहा है। परिवहन विभाग के अधिकारी नदारद रहते हैं। हम विरोध करते हैं तो हमसे मारपीट की घटनाएं की जाती हैं। उत्तर प्रदेश रोडवेज कर्मचारी संघ के शाखा अध्यक्ष मो. दानिश ने बताया कि लखनऊ में अवध नहरिया चौराहा से लेकर कई जगहों पर अवैध बस स्टेशन तक संचालित हो रहे हैं। इन अवैध संचालन पर कार्रवाई नहीं होने की सबसे बड़ी वजह है इसमें बड़े लोगों का संलिप्त होना। कई कद्दावर लोगों के नाते-रिश्तेदार इस सिंडिकेट को संचालित कर रहे हैं। यही वजह है कि परिवहन विभाग के अधिकारी इनके खिलाफ कार्रवाई नहीं करते हैं। इससे रोडवेज के अस्तित्व पर संकट आ गया है। हमारी बसें खाली चलती हैं। डग्गामार सवारियां उठा रहे हैं। विरोध पर मारपीट हो रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेशव्यापी आंदोलन के तहत सभी डिपो के कर्मचारी एकसाथ विरोध दर्ज कराएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।