Maharajganj Forest Festival Massive Tree Plantation Initiative to Plant 3 8 Million Trees सोहगीबरवा सेंक्चुरी में थीम आधारित होगा पौधरोपण, Maharajganj Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMaharajganj NewsMaharajganj Forest Festival Massive Tree Plantation Initiative to Plant 3 8 Million Trees

सोहगीबरवा सेंक्चुरी में थीम आधारित होगा पौधरोपण

Maharajganj News - महराजगंज जिले में वन महोत्सव 1 से 7 जुलाई तक मनाया जाएगा, जिसमें 38 लाख पौधों का लक्ष्य रखा गया है। पौधरोपण को औपचारिकता से अधिक एक स्थायी जागरूकता का प्रतीक माना जाएगा। विशेष वन जैसे अटल वन, एकता वन...

Newswrap हिन्दुस्तान, महाराजगंजSat, 14 June 2025 10:44 AM
share Share
Follow Us on
सोहगीबरवा सेंक्चुरी में थीम आधारित होगा पौधरोपण

महराजगंज, हिन्दुस्तान टीम। जिले में पर्यावरण संरक्षण को इस बार नया आयाम देने जा रहा वन महोत्सव इस बार कई मायनों में खास होगा। एक जुलाई से सात जुलाई तक चलने वाले इस सप्ताह में जिलेभर में वृहद स्तर पर पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है। शासन ने जिले को 38 लाख पौधों का लक्ष्य दिया है, जिसकी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं बल्कि एक सतत जागरूकता और समर्पण का प्रतीक बनेगा। वन विभाग ने इस अभियान की ठोस शुरुआत कर दी है। सोहगीबारवा वन्यजीव अभ्यारण्य के अंतर्गत निचलौल, शिवपुर, मधवलिया, लक्ष्मीपुर और पकड़ी रेंज में कुल 250 हेक्टेयर क्षेत्रफल में थीम आधारित पौधरोपण किया जाएगा।

इस अभियान को प्रेरणादायक भारतीय मूल्यों और महापुरुषों की स्मृति से जोड़ते हुए विभिन्न नामों से विशिष्ट वन विकसित किए जाएंगे। इनमें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में अटल वन, लौहपुरुष सरदार पटेल को समर्पित एकता वन, शहीदों की स्मृति में शौर्य वन और आदिवासी परंपरा के सम्मान में एकलव्य वन शामिल हैं। सभी विशेष वन एक हेक्टेयर से अधिक भूमि पर विकसित किए जाएंगे, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। वन विभाग ने अभियान को सफल बनाने के लिए अब तक चार लाख गड्ढे खुदवा लिए हैं। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि पौधरोपण अभियान की तैयारी अंतिम चरण में है। गड्ढों की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जा रही है और साफ्टवेयर के माध्यम से नर्सरियों से पौधों का विभागवार आवंटन सुनिश्चित किया जा रहा है। वन विभाग के अलावा अन्य विभागों को भी गड्ढा खुदाई का निर्देश दिया गया है ताकि निर्धारित समय पर पौधरोपण किया जा सके। जैसे ही शासन से अभियान की हरी झंडी मिलेगी, जनभागीदारी से यह अभियान शुरू कर दिया जाएगा। डीएफओ निरंजन सुर्वे ने बताया कि वन महोत्सव सिर्फ पौधारोपण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पृथ्वी के बढ़ते तापमान, वायु प्रदूषण और जैव विविधता की रक्षा के लिए एक ठोस कदम है। जिले में 38 लाख पौधे लगाकर न केवल हरियाली को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह जलवायु परिवर्तन के विरुद्ध एक सशक्त संदेश भी देगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।