शादीशुदा महिला ने पहले फंसाया फिर केस लिखाया, 2 पन्नों का सुसाइड नोट लिख युवक ने दे दी जान
परिजनों के अनुसार शनिवार रात को मनीष खाना खाने के बाद सो गया। रविवार सुबह परिजन उठे तो कमरे की लाइट जली थी। कमरे में झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटका हुआ था। बन्नादेवी पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

यूपी के अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र के रघुवीरपुरी में रविवार सुबह एक युवक ने अपने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। उसने एसएसपी के नाम दो पन्नों का सुसाइड नोट छोड़ा है, जिसमें लखनऊ की शादीशुदा प्रेमिका को मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। लिखा है कि महिला ने पहले उसे फंसाया। फिर छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा लिखा गया। उसके पति ने फोन और रुपये भी छीन लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
रघुवीरपुरी निवासी 32 वर्षीय मनीष शर्मा पूर्व में फरीदाबाद में नौकरी करता था। कुछ दिन लखनऊ में रहकर कारोबार किया। 10 दिन पहले ही वह घर आया था। यहां घर में तयेरे भाई रहते हैं। परिजनों के अनुसार शनिवार रात को मनीष खाना खाने के बाद सो गया। रविवार सुबह परिजन उठे तो कमरे की लाइट जली थी। कमरे में झांककर देखा तो उसका शव फंदे से लटका हुआ था। जानकारी पर बन्नादेवी पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को उतरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्रित किए। कमरे में एक सुसाइड नोट भी मिला। उस नोट को मनीष ने एक दोस्त को व्हाट्सएप पर भी भेजा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हैंगिंग आया है।
नौकरी छूटने के बाद वकालत में जाने की थी तैयारी
मनीष के माता-पिता का देहांत हो चुकी है। बड़ा भाई नोएडा में नौकरी करता था। दोनों बहनों की भी शादी हो चुकी है। यहां पुश्तैनी मकान हैं, जिसमें दोनों भाइयों का हिस्सा है। मनीष जब यहां लौटकर आया तो उसने नौकरी छूटने की बात कही थी। उसने एलएलबी कर रखी थी। वह वकालत के पेशे में जाने की तैयारी कर रहा था।
फरीदाबाद में सप्लीमेंट की दुकान में करता था काम
सुसाइड नोट में मनीष ने लिखा है कि वह फरीदाबाद में सप्लीमेंट की दुकान में काम करता था। तभी लखनऊ निवासी महिला का फोन पर मैसेज आया। कहा कि आपको सिक्योरिटी की आवश्यकता है। मना करने पर उसने कहा कि आपका नंबर एक दोस्त ने दिया है। मेरा पति ध्यान नहीं रखता। अकेली बोर हो जाती हूं। कोई ऐसा दोस्त चाहिए, जो मेरा ख्याल रखे। आरोप है कि महिला ने बातों में फंसा लिया। जब मनीष दिल्ली में नौकरी कर रहा था तो महिला ने अपनी एक दोस्त के साथ परांठे का कारोबार किया। महिला के जाने के बाद उसने मनीष को बुला लिया।
फोन पर मिल रही थीं तरह-तरह की धमकियां
मनीष ने ईमानदारी से काम किया। लेकिन, नगर निगम ने दुकान को बंद करा दिया। इसके बाद जब मनीष अलीगढ़ लौटने लगा तो महिला के पति ने मोबाइल फोन व ढाई हजार रुपये छीन लिए। मारपीट कर बाहर निकाल दिया। इसके बाद लगातार महिला के पति की ओर से फोन पर तरह-तरह की धमकियां दी जाने लगीं। शनिवार को मनीष को जानकारी हुई कि महिला ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ का झूठा मुकदमा दर्ज करा दिया है। जबकि मेरी कोई गलती नहीं है। ऐसी स्थिति में दुनिया में जीवित रहना उचित नहीं है।
क्या बोली पुलिस
अलीगढ़ के सीओ द्वितीय राजीव द्विवेदी ने कहा कि युवक ने आत्महत्या की है। एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें लखनऊ की एक महिला को जिम्मेदार ठहराया है। उसके पति पर भी आरोप लगाए हैं। इसकी जांच की जा रही है। परिजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।