Grand Huranga Celebrated in Baldev A Colorful Celebration of Holi दाऊजी का हुरंगा : ऐसे खेले हुरंगा कृष्ण-बलराम, गूंज उठे चारों धाम, Mathura Hindi News - Hindustan
Hindi NewsUttar-pradesh NewsMathura NewsGrand Huranga Celebrated in Baldev A Colorful Celebration of Holi

दाऊजी का हुरंगा : ऐसे खेले हुरंगा कृष्ण-बलराम, गूंज उठे चारों धाम

Mathura News - सतरंगी छटा के बीच हुआ दाऊजी महाराज का हुरंगा -दाऊजी के हुरंगा में जमकर बरसा

Newswrap हिन्दुस्तान, मथुराSun, 16 March 2025 01:06 AM
share Share
Follow Us on
दाऊजी का हुरंगा : ऐसे खेले हुरंगा कृष्ण-बलराम, गूंज उठे चारों धाम

योगीराज भगवान श्री कृष्ण के बड़े भाई बलराम की नगरी बलदेव में ब्रज मंडल की होली के बाद शनिवार को दाऊजी महाराज मंदिर में भव्य हुरंगा गोप, गोपिकाओं के मध्य हुआ, जिसमें जमकर टेसू के फूलों के रंग बरसे। समूचा वातावरण होली के रंगों से नहा उठा। गोपिकाओं ने पोतनों से हुरियारों पर जमकर प्रहार किये। ऐसे में दाऊजी मंदिर दाऊजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा। करीब 500 वर्षों से खेले जा रहे दाऊजी महाराज के हुरंगा सेवायत परिवारों के 2500 महिला-पुरुषों ने हिस्सा लिया। इस बार मंदिर में 11 क्विंटल गुलाब व गेंदा के फूल, 25 क्विंटल गुलाल व अबीर, 10 क्विंटल टेसू के फूल (केसर मिलाकर), 5 क्विंटल फिटकरी, एक क्विंटल सफेदी एवं इत्र आदि का प्रयोग किया गया।

शनिवार भोर से ही दर्शकों के टोल दाऊजी महाराज व रेवती मईया के जयकारे लगाते मंदिर की ओर बढ़ने लगे। आज ब्रज में होरी रे रसिया के स्वर भोर से ही बलदेव में गूंजने लगे। हर व्यक्ति दाऊजी महाराज के हुरंगा की एक झलक पाने के लालायित था। होली के विभिन्न लोकगीतों की धुनों पर नाचते-झूमते श्रद्धालु ब्रज के राजा ठाकुर दाऊजी महाराज की नगरी बलदेव में आयोजित हुरंगा में सम्मिलत हुये।

ऐसी होरी मचायी कृष्ण-बलराम, बिरज आनंद भयौ.., ऐसे खेले हुरंगा कृष्ण-बलराम, गूंज उठे चारों धाम... ब्रज के राजा बलराम की नगरी बलदेव के हुरंगे में देवर भाभी के मध्य अद्भुत होली खेली गई। देवरों ने रंग डाला तो भाभियों ने कपड़ों के पोतने बरसाए। इस हुरंगे को देखने मंदिर परिसर में सुबह से ही जनसैलाब उमड़ पड़ा। होली गीत, रसिया के साथ हुरियारे-हुरियारिनों के साथ आम लोग भी थिरकते रहे। सुबह मंदिर के दर्शन खुलते ही दाऊजी महाराज व रेवती मैया के जयकारों से मन्दिर परिसर गुंजायमान होने लगा। सेवायत परिवारों की महिलाएं पारंपरिक परिधानों लहंगा-ओढ़नी पहनकर रेवती मैया के स्वरूप में सब्जी मंडी गेट, गऊ शाला से गीत गाते हुए प्रवेश किया। दाऊजी महाराज को होली खेलने का निमंत्रण समाज गायन के माध्यम से बलराम कुमार होली खेले कूं, भैया खेले होरी फाग... से दिया गया। इसी के साथ हुरंगा प्रारंभ हो गया।

मंदिर प्रांगण में गोप समूह झंडा लेकर परिक्रमा करते हुए हुरियारिनों के बीच से निकलने लगे तो हुरियारिनों ने उन पर टेसू के फूलों से बने रंग को डाला जाने लगा। हुरियारिनों ने हुरियारों के कपड़े फाड़ने शुरू कर दिए। साथ ही उन पर कपड़ों के कोड़े बरसाना शुरू कर दिया। इस दौरान मंदिर प्रांगण में हुरियारे श्री कृष्ण बलराम के अलग-अलग झंडे लेकर परिक्रमा करते हुए मत मारे दृगन की चोट रसिया होरी में मेरे लग जायेगी...होली गीत गाने लगे।

हुरियारों की हरियारिनों द्वारा पोतनों से पिटाई की जाने लगी। एक एक हुरियारे पर कई महिलाएं टूट पड़तीं, यह देख दर्शक भी आनंदित हुए। बरसाए जा रहे रंग-गुलाल से पूरा मंदिर प्रांगण केसरिया कुंड की तरह दिखाई देने लगा। हुरंगा करीब 50 मिनट तक चला।

तुलसी चबूतरे पर बने मंच पर श्री कृष्ण बलराम, सखाओं के साथ विराजमान थे। उन्होंने अबीर और गुलाल की होली खेली। हुरंगा के समापन के समय हुरियारिनों ने गोप समूह से झंडा छीन लिया और होली गीत जीत चली ब्रज नारी दाऊजी के हुरंगा से आदि गीतों के साथ हुरंगा का समापन हुआ। हुरंगा के बाद सभी सेवायत दाऊजी की परिक्रमा करते हुए अपने-अपने घरों को प्रस्थान कर गए। इस दौरान मंदिर रिसीवर केपी सिंह ने सभी अतिथियों का मंदिर की प्रसादी, पटुका, फरिया देकर सम्मानित किया।

हुरंगा की तस्वीरें अधिकारियों ने की कैद

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह, एसएसएस पी शैलेश कुमार, एडीजे अनुपम कुलश्रेष्ठ आदि अधिकारी ने हुरंगा की तस्वीरें कैद की। हुरंगा के आयोजन के समय जमकर फोटो खिंचवाए, अधिकारियों ने हुरंगा का जमकर आनंद लिया।

जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं

श्री दाऊजी महाराज के विश्व प्रसिद्ध हुरंगे में क्षेत्रीय विधायक पूरन प्रकाश एडवोकेट मांट के विधायक राजेश चौधरी, बलदेव ब्लॉक प्रमुख प्रतीक भरंगर, रालोद के जिलाध्यक्ष राजपाल भरंगर ने श्री दाऊजी महाराज के हुरंगा के अवसर पर सभी को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि दाऊजी महाराज का हुरंगा विश्व में अपने आप में अद्वितीय है।

तीर्थ विकास परिषद के वीसी ने देखी व्यवस्थाएं

तीर्थ विकास परिषद के वीसी श्याम बहादुर सिंह द्वारा तीर्थ विकास परिषद द्वारा आयोजित की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर हुरंगा का आनंद मय परिवार के लिया। परिषद द्वारा इस बार दो मंच बनाए गए थे। साथ ही मंदिर पर भव्य बिजली की सजावट कराई गई थी।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।