जिले में उत्साह से मनाया गया ईद-उल-अजहा
Mau News - मऊ में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार श्रद्धा के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय ने नमाज अदा की और अल्लाह से देश की खुशहाली की दुआ मांगी। कुर्बानी के बाद लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी और मेले का आनंद...

मऊ, संवाददाता। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार जिले भर में शनिवार को अकीदत के साथ मनाया गया। मुस्लिम बंधुओं ने ईदगाह समेत विभिन्न मस्जिदों में अलग-अलग निर्धारित समय पर बकरीद की दो रेकात वाजिब नमाज अदा की तथा मुल्क की हिफाजत और खुशहाली के लिए अल्लाहतआला से दुआएं मांगी। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने गले लग कर एक-दूसरे को मुबारकबाद दी। साथ ही मवेशियों की कुर्बानी दी गई। पर्व को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पल-पल की गतिविधि पर उच्चाधिकारी अपनी पैनी नजर रखे रहे। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर लगे मेले में बच्चों ने जमकर लुत्फ उठाया।
नगर समेत ग्रामीण अंचलों में ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर्व को लेकर काफी उत्साह दिखाई दिया। नगर के बड़ी ईदगाह औरंगाबाद में काफी संख्या में लोगों ने अल सुबह ही नमाज अदा की। नमाज के बाद ही मवेशियों की कुर्बानी की रस्म निभाई गई। इसी के साथ कई दिनों तक चलने वाले सेवइयों की दावतों का भी सिलसिला भी शुरू हो गया। इसमें शामिल लोगों ने सेवइयों के अलावा तरह-तरह के पकवानों का जमकर आनंद लिया। पर्व के मद्देनजर खास तौर से शहर के मिर्जाहादीपुरा, भटकुंआ पट्टी, औरंगाबाद, मुंशीपुरा, काजी टोला, रौजा बाजार, शाही कटरा तथा संस्कृत पाठशाला जैसे इलाकों में विशेष चहल-पहल दिखाई दिया। इस अवसर पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन की तरफ से जिलास्तरीय अधिकारियों को नोडल बनाया गया था। इसके साथ ही सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। सुबह से ही मोबाइल नेटवर्क व्यस्त रहा। अपनों को बधाई देने के लिए फोन, मोबाइल, फेसबुक, वाट्सएप,ट्वीटर आदि सबसे बेहतर साधन रहा। उधर नगर क्षेत्र के शाही ईदगाह में नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम धर्मगुरुओं ने कहा कि अपनी सभी इच्छाओं की कुर्बानी देकर इंसानियत को सही राह पर ले चलना ईद-उल-अजहा का असल मकसद है। बताया कि बकरीद की नमाज के बाद मुल्क में अमन, शांति और भाईचारा के लिए दुआ मांगी गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।