जुमे की नमाज में भारतीय फौज के लिए दुआख्वानी
Mau News - भारत-पाक के बीच बढ़ते तनाव के बीच जुमे की नमाज के दौरान मुस्लिम समाज ने भारतीय फौज की कामयाबी के लिए दुआ की। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बुनकर वाहिनी ने पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शन...
मऊ। भारत-पाक के बीच लगातार बढ़ते तनाव के बीच शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान मुस्लिम समाज के लोगों ने भारतीय फौज की कामयाबी के लिए दुआख्वानी की। इस दौरान पाकिस्तान के खिलाफ मुस्लिम वर्ग के लोगों में काफी आक्रोश रहा। वहीं, जिला प्रशासन की तरफ से सभी धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पल-पल की गतिविधि पर उच्चाधिकारी पैनी नजर रखे रहे। पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सेना द्वारा आपरेशन सिन्दूर अभियान चलाया जा रहा है। भारत की तरफ से लगातार आतंकी ठिकानों को तबाह किए जाने से जिले के लोगों में भारतीय फौज के शौर्य को लेकर काफी उत्साह नजर आया।
आतंकवाद के खात्मे और भारतीय सेना के समर्थन में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान मस्जिदों से भारतीय फौज के लिए दुआख्वानी की गई। नगर क्षेत्र के शाही कटरा मस्जिद समेत मिर्जाहादीपुरा, औरंगाबाद, निजामुद्दीनपुरा, मुंशीपुरा, छित्तनपुरा, हट़्ठी मदारी, रौजा बाजार, बुनकर कालोनी, बुनाई विद्यालय समेत ग्रामीण अंचल के कोपागंज, घोसी, दोहरीघाट, चिरैयाकोट, पूराघाट, मधुबन, सूरजपुर आदि स्थानों पर कड़ी सुरक्षा के बीच मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा करते हुए भारतीय फौज की कामयाबी को लेकर दुआख्वानी की। नगर क्षेत्र के शाही कटरा स्थित मस्जिद के पास जुमे की नमाज अदा करने आए सलाउद्दीन, सेराज, अब्दुल बाकी ने कहा भारतीय फौज ने आतंकवादियों को पनाह देने वाले पाकिस्तान को सबक सिखाना शुरू कर दिया है। जब-जब भारत-पाक के बीच युद्ध हुआ है, तब-तब कामयाबी सिर्फ भारत देश को ही मिली है। इस बार भी आतंकवाद के खिलाफ शुरू किया गया आपरेशन सिन्दूर अभियान काफी सराहनीय है। उधर, जुमे की नमाज पर सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस अधीक्षक इलामारन के निर्देश पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पल-पल की गतिविधियों पर उच्चाधिकारी अपनी पैनी नजर रखे रहे। अपर पुलिस अधीक्षक महेश सिंह अत्री, क्षेत्राधिकारी अंजनी कुमार पाण्डेय पुलिस फोर्स के साथ भ्रमण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। बुनकर वाहिनी ने पाकिस्तान के खिलाफ किया विरोध प्रदर्शन मऊ। उ.प्र. बुनकर वाहिनी के प्रदेश अध्यक्ष एकबाल अहमद अंसारी के नेतृत्व में बुनकरों ने शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद पाकिस्तान मुर्दाबाद, आतंकवाद मुर्दाबाद का नारा लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही साथ पाकिस्तान का पुतला भी दहन किया। इस दौरान एकबाल अहमद अंसारी ने कहा कि पाकिस्तान की बुनियाद ही आतंकवाद से है। इसलिए आतंकवादियों को सह देने वाले पाकिस्तान के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई का उ.प्र. बुनकर वाहिनी स्वागत करती है। उन्होंने भारतीय फौज के शौर्य को सलाम करते हुए कहा कि भारतीय फौजी हमेशा ही कामयाब रहे हैं, क्योंकि भारत का लक्ष्य दुनिया में अमन और शांति कायम करना रहा है। पुतला दहन करने वालों में मंडल प्रवक्ता नेहाल आसन, वकील, मकसूद अख्तर, शमशाद, वकार अहमद आदि शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।