चौंका सकती हैं मायावती, आज फिर बैठेगी बसपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी; जिम्मेदारियों में फेरबदल संभव
- पार्टी सूत्रों की मानें तो मायावती इस बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के दायित्वों में बदलाव की घोषणा कर सकती हैं। इसमें पार्टी के पुराने नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। बताया जा रहा है कि मौजूदा कार्यकारिणी के कार्यप्रणाली से वह खुश नहीं हैं, इसीलिए वह चौंकाने वाली घोषणा भी कर सकती हैं।

BSP Meeting Today: बसपा सुप्रीमो मायावती अपनी पार्टी को फिर से मजबूत करने के मिशन पर हैं। रविवार को उन्होंने एक बार फिर राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई है। पिछले चंद महीनों में राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यह तीसरी बैठक होने जा रही है। पार्टी सूत्रों की मानें तो मायावती बैठक में राष्ट्रीय पदाधिकारियों के दायित्वों में बदलाव की घोषणा कर सकती हैं। इसमें पार्टी के पुराने नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी जा सकती हैं। बताया जा रहा है कि मौजूदा कार्यकारिणी के कार्यप्रणाली से वह खुश नहीं हैं, इसीलिए वह चौंकाने वाली घोषणा भी कर सकती हैं।
मायावती ने रविवार को स्टेट कार्यालय लखनऊ में 11 बजे ऑल इंडिया के सभी वरिष्ठ पदाधिकारियों और राज्यों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक बुलाई है। बैठक में पार्टी संगठन को मजबूत करने और जनाधार बढ़ाने के लिए पिछली बैठकों में दिए गए निर्देशों की समीक्षा की जाएगी।
इसके साथ नए निर्देश देने के साथ ही जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। यह भी देखा जाएगा कि कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियां ठीक से निभा रहे हैं या पद लेकर मजे मार रहे हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इसीलिए जल्द-जल्द मायावती पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक बुला रही हैं। इसमें आए सुझाव व मंथन के आधार पर वह कुछ घोषणाएं कर सकती हैं। कुछ कार्यकर्ताओं को पद से हटाकर कांशीराम के समय के पुराने नेताओं को जिम्मेदारियां दी जा सकती है।
पहले भी संकेत दे चुकी हैं बसपा सुप्रीमो
बसपा सुप्रीमो द्वारा पिछले दिनों किए गए कुछ पोस्ट को देखा जाए तो वह आकाश आनंद की कार्यप्रणाली से भी खुश नहीं हैं। वह यह कह चुकी हैं कि उनका उत्तराधिकारी बनने के लिए उनकी तरह मेहनत करने की जरूरत है। वह आकाश के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी से निकाल चुकी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व उनके भाई आनंद कुमार की तबीयत भी खराब चल रही है।