मुस्कान जैसी माया; आधी उम्र के प्रेमी के लिए 18 साल बड़े पति के किए 6 टुकड़े; सिर अब भी गायब
मेरठ की मुस्कान की तरह बलिया की माया ने भी अपने पति को अवैध संबंधों की राह में रोड़ा माना और प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से कत्ल कर डाला। हालांकि मुस्कान से माया की कहानी थोड़़ी अलग भी है। माया के प्रेमी की उम्र जहां उसकी उम्र से लगभग आधी है वहीं पति उससे करीब 18 साल बड़े थे।

बलिया की माया भी मेरठ की मुस्कान जैसी निकली। मुस्कान ने 3 मार्च की रात को प्रेमी साहिल के साथ मिलकर पति सौरभ की बेरहमी से हत्या कर दी थी। सौरभ को मारने के बाद दोनों ने मिलकर उसका सिर और दोनों हाथ की हथेलियों को काट कर अलग कर दिया था। बाद में एक नीले ड्रम में शव को डालकर सीमेंट के घोल से पैक कर दिया था। इस सनसनीखेज वारदात और नीले ड्रम की चर्चा दो महीने बाद भी हो रही है वहीं अब बलिया से ऐसा ही एक मामला सामने आया है जिसने लोगों के रोंगटे खड़े कर दिए। मेरठ की मुस्कान की तरह बलिया की माया ने भी अपने पति को अवैध संबंधों की राह में रोड़ा माना और प्रेमी के साथ मिलकर बेरहमी से कत्ल कर डाला। हालांकि मुस्कान से माया की कहानी इस मामले में थोड़़ी अलग भी है कि उसके (मुस्कान के) प्रेमी और पति की उम्र में कोई बड़ा फर्क नहीं था। लेकिन माया के प्रेमी की उम्र जहां उसकी उम्र से लगभग आधी है वहीं पति उससे करीब 18 साल बड़े थे। माया (उम्र 44 वर्ष) ने प्रेमी अनिल यादव (उम्र 23 वर्ष) के साथ मिलकर पति देवेंद्र (उम्र 62 वर्ष) की हत्या कर शव के छह टुकड़े करा दिए। माया के प्रेमी और उसके साथियों ने पॉलीथिन में डालकर अंगों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। देवेंद्र का सिर अब भी गायब है। दो दिन से सरयू नदी में सिर की तलाश जारी है। पुलिस ने माया, उसके प्रेमी अनिल और दो अन्य को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।
इस घटना की जानकारी देते हुए बलिया के एसपी ओमवीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि हरिपुर निवासी 62 वर्षीय देवेंद्र राम का बहादुरपुर में भी मकान है। शुक्रवार को देवेंद्र संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। पत्नी माया ने गुमशुदगी की रपट दर्ज कराई थी। माया से सख्ती से पूछताछ हुई तो हत्याकांड का खुलासा हुआ। पुलिस के अनुसार नौ मई को देवेंद्र बहादुरपुर आए थे। यहां पत्नी माया ने नशीला पदार्थ सुंघाकर उन्हें बेहोश कर दिया। इसके बाद उसका प्रेमी सिकंदरपुर का खरीद निवासी अनिल यादव अपने दोस्त चांदूपाकड़ निवासी सतीश यादव, बालुपुर निवासी मिथिलेश पटेल के साथ बोलेरो से आया। देवेंद्र को बेहोशी की हालत में खरीद गांव ले गए और रात में ही अनिल, सतीश और मिथिलेश ने मिलकर उसकी धारदार हथियार से हत्या कर दी। हाथ और पैर को काटकर पॉलिथीन में भरकर बगीचे में तथा धड़ को कुएं में फेंक दिया। सिर को सरयू नदी में डाल दिया।
प्रेमी संग साजिश रचकर मौके की तलाश में थी माया
बलिया के सिकंदरपुर क्षेत्र के खरीद गांव में रिटायर फौजी देवेंद्र राम की हत्या की साजिश पत्नी माया तथा उसके प्रेमी अनिल ने कुछ दिन पहले रची थी। वे मौके की तलाश में थे। रिटायर फौजी की तीन बेटियां सुप्रिया, अंबली और अंजली तथा दत्तक पुत्र है। अंजली जयपुर में नौकरी करती है जबकि सुप्रिया कोटा (राजस्थान) में प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करती है। शुक्रवार को वह घर आ रही थी। उसकी अपने पिता से बात भी हुई थी। उन्होंने उसे बक्सर स्टेशन पर रिसीव करने को कहा था। दोपहर 11.49 बजे वह अपने बहादुरपुर स्थित आवास पर पहुंचे। आरोप है कि यहां उनकी पत्नी माया ने उन्हें नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। उसने फोन कॉल कर अपने प्रेमी अनिल यादव को बुला लिया। उसके पति पूरे दिन बेहोश रहे। देर शाम अनिल ने अपने दोस्त मिथिलेश और सतीश को बुला लिया। वे बोलेरो लेकर आए और उन्हें खरीद गांव ले गए। इसके बाद उनके शरीर के कई टुकड़े कर डाले।
मां और उसके प्रेमी के खिलाफ बेटी ने दर्ज कराया केस
खेजुरी निवासी रिटायर फौजी देवेंद्र राम की हत्या में उनकी बेटी अंबली गौतम ने अपनी मां तथा उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। उसने सोमवार को नगर कोतवाली में तहरीर दी। अंबली ने बताया कि उसके पिता बहादुरपुर स्थित मकान से अचानक लापता हो गए। उसकी मां माया ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। पता चला कि उसके पापा की हत्या उसकी मां अपने प्रेमी अनिल यादव और उसके सहयोगियों संग मिलकर की। तहरीर पर पुलिस ने माया और अनिल समेत चारों आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया।
माया और अनिल की उम्र में दोगुने का फासला
पति की हत्या में आरोपी माया तथा उसके प्रेमी अनिल की उम्र में दोगुने का फासला है। पुलिस के अनुसार माया के बदचलन होने की जानकारी देवेंद्र राम को थी। यही कारण था कि वह गांव में ही रहते थे। अपने बच्चों को बाहर पढ़ाते थे। खरीद गांव (सिकंदरपुर) निवासी अनिल से माया की मुलाकात कुछ साल पहले हरिपुर गांव में शादी समारोह में हुई थी। दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने लगी। पत्नी की हरकत से परेशान देवेंद्र उसकी पिटाई करते थे। यह बात उसके प्रेमी को नागवार गुजरती थी। सात-आठ साल पहले अनिल की शादी बांसडीह इलाके में तय हुई लेकिन उसने विवाह करने से इनकार कर दिया। वह ट्रक चालक है। उसकी उम्र 23 साल है। माया की आयु 44 वर्ष है। दोनों ने रिटायर फौजी देवेंद्र को हटाने की साजिश रची।
रिटायर फौजी के कटे अंगों की रखवाली करता रहा कुत्ता
बलिया के बहादुरपुर में नशीला पदार्थ सुंघाकर देवेंद्र राम को बेहोश कर अनिल यादव और सतीश यादव सिकन्दरपुर के खरीद गांव के दियारा में पहुंचे। हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उन्होंने शरीर को छह टुकड़ों में काट डाला। कटे हाथ-पैर को पॉलीथिन में भरकर खरीद के बागीचा में, धड़ कुएं में तथा सिर को सरयू नदी में फेंक दिया। शनिवार को जब ग्रामीणों की नजर पालिथिन में मानव अंग पर पड़ी तो भीड़ जुट गयी। बताया जाता है कि जिस समय लोगों का मौके पर जुटान हुआ वहां पर एक कुत्ता रखवाली करते हुए मिला। खबर मिलने के बाद एसपी समेत पुलिस टीम पहुंची, तब भी कुत्ता मानव अंग से भरे प्लास्टिक के पास बैठा रहा। ग्रामीणों की मानें तो कुत्ते के चलते ही देवेंद्र के कटे हुए हाथ-पैर सुरक्षित बरामद हो सके।
कटे सिर की तलाश में गोताखोरों की टीम लगाई गई
सिकन्दरपुर थाना क्षेत्र के खरीद गांव के दियारा में रिटायर फौजी देवेंद्र राम की हत्या की गयी है, उस जगह को भी पुलिस ने खोज लिया है। इसके साथ ही हत्या में प्रयुक्त दांव को भी पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बरामद कर लिया है। फिलहाल देवेंद्र के गायब सिर की तलाश हो रही है। सरयू नदी में दो दिनों से गोताखोर सिर की खोजबीन करने में जुटे हुए हैं। इस खौफनाक हत्याकांड का खुलासा होने के बाद से हर कोई चर्चा कर रहा है।