मेरठ : दिल्ली पुलिस ने 70 लाख की चोरी में मेरठ से दो महिलाएं दबोची
Meerut News - - मेरठ के जानी कस्बे में दबिश देकर दोनों महिलाओं को किया गिरफ्तार - दिल्ली

दिल्ली पुलिस ने जानी में दबिश देकर 70 लाख की चोरी के मामले में दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर चोरी का काफी माल भी बरामद हुआ है। देर शाम दिल्ली पुलिस दोनों महिलाओं को लेकर रवाना हो गई। जानी पुलिस के अनुसार दिल्ली मॉडल टाउन स्थित एक अपार्टमेंट में अनिल पुत्र शिव दयाल का परिवार रहता है। 12 जून को परिवार घूमने गया था। वापस आया तो घर में चोरी हो चुकी थी। लॉकर से कीमती सामान गायब था। सोने और चांदी के जेवरातों को मिलाकर करीब 70 लाख की चोरी होना बताया गया था। मॉडल टाउन थाने में मुकदमा दर्ज हुआ और छानबीन शुरू हो गई।
शुरुआत में ही अनिल के घर काम करने वाली दो महिलाओं का जिक्र आया लेकिन अनिल के परिवार ने उनकी भूमिका से साफ इंकार कर दिया। इसके बावजूद पुलिस ने जांच में महिलाओं की भूमिका को भी शामिल किया। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। सर्विलांस की भी मदद ली गई। शनिवार को मॉडल टाउन थाने की पुलिस ने जानी थाने में आमद दर्ज कराई। पूरा मामला पुलिस को बताया गया। महिलाओं की लोकेशन शेयर की। तत्काल एक टीम दिल्ली पुलिस के साथ कस्बे में भेजी गई। पुलिस ने महिलाओं के घरों से उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की तो दोनों ने चोरी का सच उगल दिया और माल भी बरामद करा दिया। पुलिस दोनों को लेकर जानी थाने आ गई। ग्रामीणों की भीड़ भी जुट गई। पुलिस ने खुलासा किया कि शिल्पी व रंजना नाम की महिलाएं अनिल के यहां मेड थीं। लॉकर में रकम व जेवरात देखकर उनकी नीयत बदल गई और उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कुछ घंटे बाद ही पुलिस दोनों महिलाओं को लेकर दिल्ली रवाना हो गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।