ईद की खरीदारी कर लौट रहे युवकों पर सरियों से हमला, पथराव
Meerut News - सरधना में ईद की खरीदारी कर लौट रहे युवकों पर कार सवार लोगों ने जानलेवा हमला किया। आरोपियों ने बाइक में टक्कर मारी और फिर सरियों तथा डंडों से हमला कर दिया। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने...

सरधना। ईद की खरीदारी कर पिठलोकर गांव लौट रहे बाइक सवार युवकों पर कार सवार लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले उनकी बाइक में टक्कर मारी, फिर विरोध करने पर सरियों तथा डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित जान बचाकर भागे तो आरोपियों ने पथराव भी कर दिया। ग्रामीणों के आने पर आरोपी हत्या की धमकी देकर फरार हो गए। घायल अवस्था में थाने पहुंचे पीड़ितों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से एक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पीड़ितों ने थाने में नामजद तहरीर दी। खबर लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो पाई थी।
मिली जानकारी के अनुसार पिठलोकर निवासी फराकत पुत्र मुर्तुजा ने थाने में तहरीर देते हुए बताया कि शुक्रवार को वो मुन्नू पुत्र कामिल के साथ सरधना में ईद की खरीदारी करने गया था। शुक्रवार देर रात दोनों बाइक से वापस घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव के नजदीक पहुंचे तो पीछे से आ रहे गांव निवासी युवकों ने कार से उनकी बाइक में टक्कर मार दी। इसमें वे दोनों घायल हो गए। इसी बीच पीछे से गांव निवासी अयान, सुफियान और उनके पिता कामिल भी आ गए। उन्होंने कार सवार युवकों से टक्कर मारने का विरोध किया। आरोप है आरोपियों ने उनके साथ गाली गलौज की और उन पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला कर दिया। इसमें सभी घायल हो गए। जान बचाने के लिए जब पीड़ित भागे तो आरोपियों ने उन पर पथराव भी कर दिया। चीख पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल अवस्था में सभी लोग थाने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें सीएचसी में भर्ती कराया जहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने कामिल को जिला अस्पताल मेरठ रेफर कर दिया। उधर, पीड़ितों ने नामजद तहरीर देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की। आरोप कि पुलिस ने अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। पीड़ितों ने सीओ संजय कुमार जायसवाल से शिकायत की। सीओ ने थाना पुलिस को मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।