भाजपा पार्षद के मकान पर पथराव, वीडियो वायरल
Meerut News - कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के फाजलपुर अनूपनगर में भाजपा पार्षद अशोक कुमार कन्नौजिया के घर पर पांच नकाबपोश युवकों ने पथराव किया। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। पार्षद ने थाने में तहरीर दी है और पुलिस...

कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के फाजलपुर अनूपनगर की सूर्या कॉलोनी के रहने वाले भाजपा पार्षद के मकान के बाहर बाइक सवार पांच नकाबपोश युवकों ने पथराव कर दिया। जिससे मकान का गेट टूट गया। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की पहचान कराने में जुट गई है। रोहटा रोड स्थित अनूपनगर फाजलपुर क्षेत्र में वार्ड-25 के भाजपा पार्षद अशोक कुमार कन्नौजिया ने बताया कि उनकी पत्नी तारा रानी देहरादून के अस्पताल में कई दिनों से भर्ती थी। 13 जून को वह पत्नी को लेने देहरादून गए थे। घर पर पार्षद की पुत्रवधू रिन्नी कन्नौजिया, पोती और पौत्र थे।
पार्षद का बेटा आशीष कुमार कन्नौजिया उत्तर प्रदेश के कौशल विकास विभाग में सहायक निदेशक है, जो वर्तमान में लखनऊ में कार्यरत है। रविवार देर रात करीब तीन बजे दो बाइक पर सवार पांच नकाबपोश युवक पार्षद के मकान के पास पहुंचे। बाइक को मोड़ने के बाद सभी ने पार्षद के मकान पर पथराव कर दिया। जिससे घर के अंदर कुछ सामान क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद सभी युवक बाइकों पर सवार होकर भाग निकले। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सोमवार शाम जब पार्षद अपने घर पहुंचे तो पुत्रवधू ने घटना की जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज चेक की गई, जिसमें हमलावर दिख रहे हैं। पार्षद ने रात में ही थाने पहुंचकर तहरीर दी और फुटेज सौंप दी। उधर, एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि भाजपा पार्षद की तरफ से तहरीर मिली है। सीसीटीवी कैमरे से नकाबपोश युवकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।