मेरठ : निगम कर्मचारियों-पार्षद पिटाई, फायरिंग विवाद के पटाक्षेप का दावा
Meerut News - मेरठ नगर निगम के सूरजकुंड डिपो में पार्षद की पिटाई और फायरिंग मामले में अंबेडकर जयंती पर समझौते का दावा किया गया है। पार्षद रविन्द्र और घायल कर्मचारी अविनाश के परिवारों ने कहा कि वे कोई कार्रवाई नहीं...

नगर निगम के सूरजकुंड डिपो में पार्षद की पिटाई और फायरिंग मामले में अंबेडकर जयंती पर समझौते का दावा किया गया है। मेयर के कैंप कार्यालय पर ऊर्जा राज्य मंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, पूर्व प्रत्याशी कमलदत्त शर्मा आदि की मौजूदगी में पार्षद रविन्द्र और घायल कर्मचारी अविनाश के परिजनों ने मामले में समझौते की बात कही। दोनों पक्ष अब लिखित में पत्र देंगे कि वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। इसके बाद मुकदमा वापसी की कार्रवाई होगी। रविवार को कालियागढ़ी में दलितों की सभा और पूर्व विधायक योगेश वर्मा समेत दलित नेताओं के शामिल होने के बाद से ही भाजपा नेता सकते में आ गए थे। रविवार दोपहर से ही समझौते के प्रयास शुरू कर दिये गये थे। सोमवार को अंबेडकर जयंती के कार्यक्रम के पहले मेयर कैंप कार्यालय पर भाजपा नेताओं, कर्मचारियों, नगर आयुक्त, पीड़ित कर्मचारियों, पार्षद के परिजनों की बैठक हुई। पीड़ित पक्ष से वार्ता की गई। इसके बाद मीडिया में बयान दिलवाया गया कि अब वे कोई कार्रवाई नहीं चाहते। इसके बाद ऊर्जा राज्य मंत्री और मेयर ने समझौते की घोषणा कर दी। गोली लगने से घायल नगर निगम कर्मचारी अविनाश के पिता रतन सिंह बोले कि वे कोई कार्रवाई नहीं, समझौता चाहते हैं। गोली मारने के आरोपी भाजपा पार्षद रविन्द्र की पत्नी ममता और बहन श्वेता बोली कि वे भी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं चाहते। इस आपसी समझौते के बाद अब कानूनी राय के साथ समझौते की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। बता दें कि 8 अप्रैल को मेरठ नगर निगम की सूरजकुंड डिपो पर कहासुनी के बाद चालक अविनाश को गोली मार दी गई थी। गोली मारने के आरोपी भाजपा पार्षद रविन्द्र की कर्मचारियों ने भी जमकर पिटाई की थी। तब से पार्षद और कर्मचारी आमने-सामने आ गए थे। इस बीच आरोपी पार्षद पर चार मुकदमे दर्ज होने से दलित समाज में आक्रोश व्याप्त हो गया।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।