धान रोपाई से लौट रहे मजदूरों की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, आठ गंभीर घायल
Pilibhit News - धान की रोपाई कर लौटते समय, बौठा गुरुद्वारा साहिब के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिसमें 30 मजदूर सवार थे। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्हें पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती...

धान की रोपाई कर घर लौट रहे मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली बौठा गुरुद्वारा साहिब के पास मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। ट्रॉली में लगभग 30 मजदूर सवार थे। हादसे में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पूरनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। मंगलवार को सुखविंदर सिंह के खेत में धान की रोपाई करने के लिए सिमरिया ता० घुघंचिहाई से मजदूर आए थे। दिनभर काम करने के बाद सभी मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर वापस लौट रहे थे। बौठा गुरुद्वारा साहिब के पास मोड़ पर चालक का संतुलन अचानक बिगड़ गया, जिससे ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई।
ट्रॉली पलटते ही उसमें सवार मजदूरों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में रवि (22) पुत्र राकेश, मीनसी (15) पुत्री सतीश, राहुल (17) पुत्र सोहन पाल, देशदीप (17) पुत्र रूपराम, दुर्वेश (17) पुत्र विजय कुमार, शिवानी (19) पुत्री लालाराम, कपिल (17) पुत्र रामसागर और रेशमा (40) पत्नी धर्मपाल के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। घायलों को ट्रॉली से बाहर निकालकर निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। चिकित्सक डा विनीत कुमार ने बताया कि घायलों का उपचार किया जा रहा है। कुछ को रेफर किए जाने की स्थिति है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।